पानी-पानी हुआ प्रयागराज, स्मार्ट सिटी के दावों की खुली पोल, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने DM-कमिश्नर को किया तलब

Waterlogging Prayagraj: प्रयागराज में भारी बारिश से शहर जलमग्न हो गया है। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने स्वतः संज्ञान लेते हुए डीएम-नगर आयुक्त को तलब किया है। शहर में 12वीं तक के स्कूल बंद कर दिया गया।
Allahabad High Court Suo Motu Cognizance
प्रयागराज में भारी बारिश से जलभरावसोर्स- सोशल मीडिया
Updated on

Allahabad High Court Suo Motu Cognizance: संगम नगरी में पिछले दो दिन से हो रही लगातार बारिश ने नगर निगम की तैयारियों और जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी है। स्मार्ट सिटी के नाम पर हुए विकास कार्यों की पोल बरसात की पानी ने खोल दिया । शहर के कई इलाके जलमग्न हैं। सड़कों पर पानी भरने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रामबाग रेलवे स्टेशन परिसर भी पानी में डूब गया, जिससे यात्रियों को खासी दिक्कतें हुईं।

हाईकोर्ट ने लिया स्वत: संज्ञान

शहर में जलभराव की गंभीर स्थिति को देखते हुए इलाहाबाद हाईकोर्ट ने मामले का स्वत: संज्ञान लिया है। न्यायमूर्ति अजीत कुमार और न्यायमूर्ति गिरीश प्रसाद की खंडपीठ ने प्रयागराज में जलभराव मामले पर सुनवाई करते हुए जिलाधिकारी और नगर आयुक्त को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर स्थिति स्पष्ट करने का निर्देश दिया।

पूछा-समय रहते उपाय क्यों नहीं किए?

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने अधिकारियों से पूछा कि निचले इलाकों में जलभराव रोकने के लिए पहले से प्रभावी कदम क्यों नहीं उठाए गए। कोर्ट ने नगर निगम और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए जलनिकासी की व्यवस्था को लेकर जवाब मांगा है।

Waterlogging Prayagraj
जलभराव का निरीक्षण करते हुए कमिश्नरसोर्स- नवभारत लाइव

12वीं तक स्कूल बंद

लगातार बारिश और जलभराव को देखते हुए जिला प्रशासन ने प्रयागराज में 12वीं कक्षा तक के सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया है। मगलवार को करीब 160 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, मौसम विभाग ने 24 अगस्त तक बारिश का क्रम जारी रहने की संभावना जताई है।

नगर निगम परिसर और आवास में भी पानी

जलभराव का असर नगर निगम के कार्यालय परिसर तक पहुंच गया। नगर आयुक्त के सरकारी आवास में भी पानी घुस गया। कई प्रमुख मार्गों, गलियों और मोहल्लों में घुटनों तक पानी भरने की स्थिति सामने आई। इससे लोगों को घरों से निकलने में परेशानी हुई।

करोड़ों खर्च के बावजूद जलभराव

नगर निगम की ओर से नाला सफाई और जलनिकासी के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाने के दावों के बावजूद शहर में जलभराव की स्थिति ने व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि समय से नालों की सफाई और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़कों और घरों में घुस रहा है।

Waterlogging Prayagraj
प्रयागराज में भारी बारिश से जलभरावसोर्स- नवभारत लाइव

जनप्रतिनिधियों ने भी उठाई आवाज

जलभराव को लेकर नगर निगम की कार्यप्रणाली पर पार्षदों ने भी सवाल उठाए हैं। पार्षदों का कहना है कि अधिकारियों से शिकायत के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। कई पार्षदों ने नगर निगम की बैठकों में समस्या उठाते हुए स्थायी समाधान की मांग की।

रामबाग स्टेशन पर यात्री परेशान

रामबाग रेलवे स्टेशन परिसर में पानी भरने से यात्रियों को परेशानी हुई। पटरियों के आसपास जलभराव के कारण यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई। वहीं, व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन कर जवाबदेही तय करने की मांग की।

Allahabad High Court Suo Motu Cognizance
1-2% लोगों को खुश करने के लिए मारा छापा...आजम खान पर ED कार्रवाई से भड़के अखिलेश यादव, गिनाईं BJP की खामियां

हाईकोर्ट की सख्ती से बढ़ी जिम्मेदारी

हाईकोर्ट ने जलभराव रोकने के लिए पूर्व में किए गए उपायों और वर्तमान व्यवस्था की जानकारी मांगी है। अधिकारियों को शपथपत्र दाखिल कर जलभराव रोकने के लिए स्वीकृत योजनाओं और उठाए गए कदमों का विवरण देने का निर्देश भी दिया गया है। अब हाईकोर्ट की सख्ती के बाद नगर निगम और जिला प्रशासन के सामने शहर को जलभराव से राहत दिलाने की बड़ी चुनौती है।

Navbharat Live
navbharatlive.com