

Akhilesh Yadav Reaction Ed Raid On Azam Khan: समाजवादी पार्टी के मुखिया और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने जेल में बंद सपा नेता आजम खान के ठिकानों पर ईडी की छापेमारी पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। भारतीय जनता पार्टी सरकार पर अखिलेश यादव ने जमकर हमला बोला है। बुधवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने दिग्गज सपा नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान को उत्तर प्रदेश में रामपुर, सहारनपुर जिले में और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत 10 ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया।
अपने एक्स हैंडल पर अखिलेश ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि 1-2 फीसदी अपने जाति या धर्म को लेकर छोटी सोच रखने वाले समर्थकों/कार्यकर्ताओं को संतुष्ट करने के लिए यह किया जा रहा है।
आजम खान के ठिकानों पर ईडी की रेड को लेकर अखिलेश यादव ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा कि शिक्षा, शिक्षक व शिक्षार्थी विरोधी, स्कूलबंद करवानेवाले भाजपाई और उनके संगी-साथी यूनिवर्सिटी बनानेवालों के खिलाफ ED की छापेमारी कर रहे हैं, जिससे कि उनके 1-2% बचे हुए साम्प्रदायिक संकीर्ण सोच के कुतर्की समर्थकों को संतुष्ट कर पाएं।
अखिलेश यादव ने सरकार पर आरोप लगाया कि उन भ्रष्टाचारियों पर सरकार की कोई कार्रवाई नहीं हो रही, जो आपराधिक कांडों में संलिप्त हैं। उन्होंने राम मंदिर के चोर, सत्ता सजातीय अपराधी, कोडीन कांडी, भाजपाकाल निर्मित बदहाल बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे, भाजपाकाल निर्मित हिचकोले पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, भाजपाकाल निर्मित गड्ढायुक्त कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे, भाजपाकाल निर्मित दरारी ग्रीन कॉरीडोर जैसे मुद्दों का जिक्र करके प्रदेश सरकार को घेरा।
बता दें, बुधवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने दिग्गज सपा नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान से जुड़े मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट और रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े कथित धनशोधन मामले में बड़ी कार्रवाई की है।
इसके अलावा ईडी के राजधानी लखनऊ स्थित जोनल कार्यालय ने धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 की धारा 17 के तहत उत्तर प्रदेश के रामपुर, सहारनपुर जिले में और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत 10 ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया।