पांच लाख दीपों की रौशनी से जगमगाई संगम नगरी प्रयागराज, घाटों पर उतरी रोशनी की आकाशगंगा

Prayagraj Dev Deepawali Celebration: दीपोत्सव की खासियत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की भागीदारी भी रही। समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए दीयों को आयोजन में प्रमुखता से शामिल किया गया।
Prayagraj Dev Deepawali Celebration
प्रयागराज देव दीपावली उत्सव(सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • देव दीपावली पर संगम सहित गंगा-यमुना के 11 घाटों पर हुआ दीपोत्सव

  • दीपदान और आरती से भक्तिमय हुआ माहौल

  • सुरक्षा के लिए संगम, झूंसी और अरैल में तीन जोन बनाए गए

  • 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से हुई निगरानी

Prayagraj Dev Deepawali Five Lakh Diyas Illuminate: कार्तिक पूर्णिमा पर सोमवार को संगम नगरी प्रयागराज देव दीपावली के उल्लास में सराबोर हो उठी। गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के पावन संगम तट पर पांच लाख से अधिक दीपों की रोशनी ने अद्भुत छटा बिखेरी। सूर्यास्त के साथ ही संगम क्षेत्र के घाट दीपों की जगमगाहट से रोशन हो उठे। ऐसा लगा मानो आसमान की आकाशगंगा धरती पर उतर आई हो।

संगम के अलावा गंगा और यमुना के 11 प्रमुख घाटों पर भी दीपोत्सव आयोजित किया गया। कहीं दीपदान और महाआरती हुई तो कहीं भजन संध्या और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने श्रद्धालुओं को भक्ति के रंग में सराबोर कर दिया। माघ मेला-2027 की तैयारियों के बीच आयोजित इस भव्य आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

संगम पर ढाई लाख दीपों से सजी रोशनी की श्रृंखला

देव दीपावली पर मुख्य आयोजन संगम तट पर हुआ। जिला प्रशासन और प्रयागराज मेला प्राधिकरण की ओर से यहां ढाई लाख दीप प्रज्ज्वलित किए गए। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा के मुताबिक, गंगा और यमुना के प्रमुख घाटों को रोशन करने के लिए विभिन्न विभागों को अलग-अलग लक्ष्य दिए गए थे। आयोजन की व्यवस्थाओं में 100 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी लगाए गए थे।

वहीं, अरैल स्थित परमार्थ त्रिवेणी पुष्प में 51 हजार दीप जलाए गए। यहां दीप प्रज्ज्वलन के बाद दीपदान और दिव्य गंगा आरती का आयोजन हुआ। कार्यक्रम संयोजक डॉ. पुष्पेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। लेटे हनुमान मंदिर के सामने जगदीश रैंप पर जय त्रिवेणी जय प्रयाग सेवा समिति की ओर से 21 हजार दीप जलाए गए। मीरापुर के बरगद घाट पर भी दीपों की आकर्षक सजावट की गई।

Prayagraj Dev Deepawali Celebration
काशी में देव दीपावली देखने पहुंचे 15 लाख पर्यटक; 40 देशों के मेहमान आए, 84 घाटों पर 11 लाख दीप जलाए गए

11 घाटों पर दीपदान और सांस्कृतिक कार्यक्रम

मुख्य आयोजन स्थल संगम पर भीड़ का दबाव कम करने और अधिक से अधिक लोगों को दीपोत्सव से जोड़ने के लिए गंगा और यमुना किनारे के पक्के घाटों पर भी विशेष व्यवस्था की गई। दशाश्वमेध घाट, किला घाट, बलुआघाट, ककरहा घाट और नागवासुकी समेत 11 घाटों पर दीप प्रज्ज्वलित किए गए। कार्तिक महोत्सव आयोजन समिति की ओर से बलुआघाट पर एक लाख से अधिक दीप जलाए गए।

समिति के अध्यक्ष महेंद्र पांडे के अनुसार, इस अवसर पर मां यमुना की महाआरती और दीपदान का आयोजन भी हुआ। अरैल के परमार्थ संगम घाट पर परमार्थ निकेतन और विभिन्न आश्रमों की ओर से भजन संध्या आयोजित की गई। संगम आरती समिति और हरि हर आरती समिति की ओर से भी विशेष आरती और सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। घाटों पर दीपों की कतारों के बीच श्रद्धालुओं ने दीपदान कर सुख-समृद्धि की कामना की।

महिलाओं के हुनर से रोशन हुए घाट

इस बार दीपोत्सव की खासियत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की भागीदारी भी रही। डूडा की परियोजना अधिकारी प्रतिभा श्रीवास्तव के मुताबिक, समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए दीयों को आयोजन में प्रमुखता से शामिल किया गया।

वर्तिका स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने गोबर से सात हजार डिजाइनर दीये तैयार किए, जो घाटों पर आकर्षण का केंद्र बने। पारंपरिक दीपोत्सव के साथ स्थानीय महिलाओं के हुनर और आजीविका को प्रोत्साहित करने की यह पहल भी आयोजन का महत्वपूर्ण हिस्सा रही। महिलाओं के हाथों से तैयार दीयों ने न सिर्फ घाटों को रोशन किया, बल्कि आत्मनिर्भरता और स्वरोजगार का संदेश भी दिया।

तीन जोन में सुरक्षा व्यवस्था, ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी

देव दीपावली में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन, पुलिस और प्रयागराज विकास प्राधिकरण की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए थे। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा और पीडीए उपाध्यक्ष ऋषिराज सिंह समेत दो दर्जन से अधिक अधिकारियों को व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। संगम तक पहुंचने वाले मार्गों पर साइनेज, वाहनों की पार्किंग और यातायात प्रबंधन के इंतजाम किए गए।

आयोजन क्षेत्र को संगम, झूंसी और अरैल तीन जोन में बांटकर प्रत्येक में एसीपी की तैनाती की गई थी। सुरक्षा के लिए संगम क्षेत्र में 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए। हाई रिजॉल्यूशन वाले दो ड्रोन से भी निगरानी की गई। इसके अलावा अग्निशमन की गाड़ियां, पुलिसकर्मी और जल पुलिस की गोताखोर टीमें तैनात रहीं, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्नान व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

Prayagraj Dev Deepawali Celebration
देव दीपावली पर क्यों जलाते हैं लखवरी दीपक? जानिए काशी की इस अनोखी परंपरा का रहस्य