

देव दीपावली देखने 15 लाख पर्यटक और 40 देशों के मेहमान पहुंचे
काशी के 84 घाटों पर एक साथ 11 लाख दीप जलाए गए
लेजर-ड्रोन शो, गंगा आरती और आतिशबाजी ने मोहा मन
Word famous Kashi’s Dev Deepawali: देश-दुनिया में मशहूर काशी की देव-दीपावली देखने के लिए कार्तिक पूर्णिमा के दिन मंगलवार को लाखों लोग उमड़े। देव दीपावली पर काशी के सभी 84 घाटों पर एक साथ करीब 11 लाख दीप जलाए गए।
वाराणसी में देव दीपावली की छटा देखने इस बार 40 देशों से मेहमान पहुंचे हैं। पूरे शहर में करीब 15 लाख से ज्यादा पर्यटकों की भीड़ उमड़ी और किसी भी होटल, गेस्ट हाउस व होम स्टे में तिल रखने की भी जगह नहीं बची है।
वाराणसी में पर्यटकों की भीड़ के चलते पड़ोस में सारनाथ से लेकर जौनपुर तक के होटलों में जगह नहीं बची है. शहर में पर्यटकों के आवागमन के लिए बाहर से भी टैक्सियां मंगायी गयी हैं जबकि घाट के करीब के इलाकों में केवल पैदल आने-जाने दिया जा रहा है।
मंगलवार को नमो घाट पर पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने पहला दीप जलाकर देव दीपावली के उत्सव की शुरूआत की. थोड़ी ही देर में सभी 84 घाटों पर एक साथ 11 लाख दीपक जला दिए गए. देव दीपावली की छटा देखने के लिए गंगा में एक साथ हजारों नावें चलायी गयीं।
वाराणसी में दशाश्वमेध, अस्सी, नमो घाट, केदार घाट व हरिशचंद्र घाट पर गंगा आरती देखने वालों की सबसे ज्यादा भीड़ देखी गयी।
दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती देखने वालों ने दोपहर से ही डेरा जमा लिया था और शाम तक यहां एक भी सीट खाली नहीं बची थी. काशी के छह घाटों पर लेजर व ड्रोन शो आयोजित किए गए।
अस्सी घाट पर फूलों से गंगा मां का अभिषेक किया गया और वैदिक मंत्रों के बीच श्रधालुओं ने पूजा की. यहीं पर नाग आरती के बीच लगातार पांच मिनट तक आतिशबाजी की गयी।
दशाश्वमेध घाट पर सांसद मनोज तिवारी ने भजनों की प्रस्तुति दी जबकि शंकराचार्य स्वामी नरेंद्रानंद सरस्वती के नेतृत्व में मां गंगा का 151 लीटर दूध से अभिषेक किया गया।
काशी विश्वनाथ मंदिर से लेकर हरिशचंद्र घाट तक आकर्षक सजावट की गयी. रामघाट पर ऑपरेशन सिंदूर को समर्पित आकर्षक रंगोली बनाई गयी वहीं अस्सी घाट पर रेत से आकृतियां बनायी गयी हैं. इस मौके पर अस्सी घाट के मंच सहित कई अन्य घाटों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
गंगा पार रेती पर ग्रीन आतिशबाजी ने आसमान में कई पौराणिक तस्वीरें प्रदर्शित कीं जबकि चौका घाटा पर तेलंगाना से आए श्रद्धालुओं के समूह ने लक्षद्वीप में एक बड़े दीपक में लाखों रूई की बत्तियां डाल कर जलाया।
बनारस हिदू यूनिवर्सिटी (बीएचयू) के विश्वनाथ मंदिर में देव दीपावली के मौके पर 11000 दीप जलाए गए. गंगा सेवा निधि की ओर बनाई गयी अमर जवान ज्योति पर लास्ट पोस्ट व गार्ड ऑफ आनर दिया गया।
काशी की देव दीपावली एक बार फिर भारतीय संस्कृति, आस्था और परंपरा की भव्य तस्वीर बनकर सामने आई। लाखों दीपों की रोशनी और आधुनिक तकनीक के अनूठे संगम ने इस आयोजन को देश-दुनिया के पर्यटकों के लिए यादगार बना दिया।