अखिलेश यादव के कार्यक्रम में सपा का ही बगावत; मेजा विधायक संदीप पटेल के खिलाफ लगे मुर्दाबाद के नारे
Akhilesh Yadav Prayagraj: प्रयागराज में अखिलेश यादव के दौरे के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने मेजा विधायक संदीप पटेल के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने विधायक पर क्षेत्र की उपेक्षा समेत कई आरोप लगाए।
- Reported By: ओमप्रकाश सिंह परिहार | Edited By: स्निग्धा श्रीवास्तव
सपा कार्यकर्ता (सोर्स- फोटो नवभारत)
Akhilesh Yadav Visit To Prayagraj: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के प्रयागराज दौरे के दौरान पार्टी के भीतर का असंतोष खुलकर सामने आ गया। कार्यक्रम स्थल के बाहर मेजा विधानसभा क्षेत्र से पहुंचे कुछ कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव जिंदाबाद के नारे लगाए, वहीं मेजा विधायक संदीप पटेल के खिलाफ जमकर मुर्दाबाद के नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने विधायक पर क्षेत्र की उपेक्षा और वित्तीय अनियमितताओं समेत कई गंभीर आरोप लगाए तथा अपनी शिकायत सीधे राष्ट्रीय अध्यक्ष तक पहुंचाने की मांग की।
मेजा सीट से किसी नए और सक्रिय चेहरे को मौका देने की मांग
प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं ने खुद को मेजा विधानसभा क्षेत्र का निवासी और समाजवादी पार्टी का सक्रिय कार्यकर्ता बताया। उनका कहना था कि क्षेत्र में विधायक के प्रति नाराजगी लगातार बढ़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी दोबारा संदीप पटेल को टिकट देती है तो इसका राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। कार्यकर्ताओं ने मांग की है कि पार्टी मेजा सीट से किसी नए और सक्रिय चेहरे को मौका दे।
तख्तियों के जरिए जताया विरोध, लगाए तीखे नारे
कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लेकर कार्यक्रम स्थल पहुंचे थे। तख्तियों पर विधायक के विरोध में कई नारे लिखे थे। एक तख्ती पर लिखा था, “अखिलेश यादव से बैर नहीं, संदीप पटेल की खैर नहीं”, जबकि दूसरी पर “गली-गली में शोर है, मेजा विधायक कमीशनखोर है” जैसे नारे दर्ज थे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उनका उद्देश्य पार्टी नेतृत्व का विरोध करना नहीं, बल्कि क्षेत्र की वास्तविक स्थिति से राष्ट्रीय अध्यक्ष को अवगत कराना है। उन्होंने मांग की कि उनकी शिकायत पर निष्पक्ष जांच कर उचित निर्णय लिया जाए।
सम्बंधित ख़बरें
UPESSC ने जारी किया असिस्टेंट प्रोफेसर इंटरव्यू शेड्यूल, 21 से साक्षात्कार; 3155 अभ्यर्थियों को बुलावा
पेपर लीक सरकार वीक! NEET के बाद TET पेपर लीक पर बरसे अबू आजमी, पूछा- कब बंद होगा बच्चों के भविष्य से खिलवाड़?
आगरा में अवैध मजारों और दरगाहों पर कार्रवाई की मांग तेज, योगी यूथ ब्रिगेड ने प्रशासन को दी आंदोलन की चेतावनी
किसानों का बड़ा आंदोलन: 2 जुलाई से संगम में अनिश्चितकालीन जल सत्याग्रह; प्रशासन को दी आर-पार की चेतावनी
यह भी पढ़ें- किसानों का बड़ा आंदोलन: 2 जुलाई से संगम में अनिश्चितकालीन जल सत्याग्रह; प्रशासन को दी आर-पार की चेतावनी
कुछ देर रही अफरा-तफरी, विधायक की नहीं आई प्रतिक्रिया
कार्यक्रम स्थल के बाहर नारेबाजी के कारण कुछ देर तक हलचल का माहौल बना रहा। मौके पर मौजूद पुलिस और समाजवादी पार्टी पदाधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया। हालांकि कार्यकर्ता अपनी मांगों पर अड़े रहे और राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात की बात कहते रहे।
विधायक संदीप पटेल पर लगाए गए आरोपों को लेकर उनकी ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं समाजवादी पार्टी की ओर से भी इस विरोध प्रदर्शन पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया ।
