स्वामी राम विशाल दास और सांसद इकरा हसन।
Swami Ram Vishal Das on Iqra Hasan : उत्तर प्रदेश के शामली जिले से एक विवादित मामला सामने आया है। यहां गौरी शंकर गौशाला के संचालक स्वामी राम विशाल दास ने कैराना की सांसद इकरा हसन को लेकर बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी की है। स्वामी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने इकरा हसन के वैवाहिक जीवन और उनके धर्म को लेकर अमर्यादित बातें कही हैं।
जानकारी के मुताबिक यह पूरा प्रकरण 31 जनवरी को शामली में आयोजित एक हिंदू सम्मेलन का है। मंच से स्वामी राम विशाल दास ने इकरा हसन के चुनाव प्रचार के दौरान दिए गए बयानों का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि इकरा हसन ने गुर्जर समुदाय से वोट मांगते समय खुद को उनकी बेटी और गुर्जरी बताया था। स्वामी ने तंज कसते हुए सवाल उठाया कि क्या यह रिश्ता केवल वोटों तक ही सीमित है।
वायरल क्लिप में स्वामी यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि यदि इकरा हसन वास्तव में भाईचारा निभाना चाहती हैं, तो उन्हें किसी गुर्जर नौजवान से शादी कर लेनी चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि ऐसा करने से इकरा हसन को ‘फायदा’ होगा और वह ‘तीन तलाक और हलाला जैसी कुप्रथाओं से बच जाएंगी। उन्होंने यहाँ तक दावा किया कि गुर्जर समाज उन्हें सिर-आंखों पर बिठाएगा और उन्हें भविष्य में वोट मांगने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी।
यह पहली बार नहीं है जब इकरा हसन को इस तरह की टिप्पणियों का सामना करना पड़ा हो। करीब छह महीने पहले करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष योगेंद्र राणा ने भी उन पर विवादित टिप्पणी की थी। राणा ने एक वीडियो जारी कर इकरा को शादी का प्रस्ताव दिया था, जिस पर काफी बवाल मचा था और पुलिस ने एफआईआर भी दर्ज की थी।
अगर इकरा हसन सच में भाईचारा निभाना चाहती हैं, तो किसी हिंदू गुर्जर नौजवान से शादी करके मिसाल पेश करें।
इससे वे तीन तलाक और हलाला जैसी कुप्रथाओं से भी मुक्त रहेंगी।
— स्वामी राम विशाल दास 🔥pic.twitter.com/OE1LDVXdWQ — Rahul kumar🇮🇳 (@kumarrahul9102) February 3, 2026
यह भी पढ़ें : पार्टी को खून-पसीने से सींचा, आजम खान की रिहाई पर बोलीं सपा सांसद इकरा हसन
स्वामी राम विशाल दास के इस ताजा बयान के बाद क्षेत्र में तनाव और नाराजगी देखी जा रही है। हालांकि, पूरे मामले और व्यक्तिगत टिप्पणी पर सांसद इकरा हसन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। सोशल मीडिया पर लोग इस बयान को महिला गरिमा के खिलाफ बताकर संत की आलोचना कर रहे हैं।