मथुरा के सौंख पहुंची श्रीकृष्ण मंदिर निर्माण के संकल्प की रजत शिला, श्रद्धालुओं ने की पुष्प वर्षा

Krishna Janmabhoomi: मथुरा के सौंख नगर में श्रीकृष्ण मंदिर निर्माण के संकल्प की रजत शिला पहुंची। श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया और अग्रसेन भवन में पुष्प वर्षा, विधिवत पूजा व आरती की।
Sankalpit Rajat Shila  Krishna Janmabhoomi Temple Reaches Saunkh in Mathura
श्रीकृष्ण मंदिर निर्माण के संकल्प की रजत शिला (सोर्स- फोटो नवभारत)
Published on
Updated on

Krishna Janmabhoomi Temple: भगवान योगेश्वर श्रीकृष्ण के दिव्य मंदिर निर्माण के संकल्प के निमित्त तैयार कराई गई संकल्पित रजत शिला मंगलवार को मथुरा के सौंख नगर पहुंची। श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह प्रकरण से जुड़े हिंदू पक्षकार दिनेश फलाहारी महाराज विशेष रथ के माध्यम से रजत शिला को लेकर सौंख पहुंचे। नगर में प्रवेश करते ही श्रद्धालुओं और सनातन समाज के लोगों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया।

इस दौरान पूरा नगर कृष्णमय नजर आया। श्रद्धालुओं ने “भगवान योगेश्वर श्रीकृष्ण की जय”, “राधा रानी की जय” और “अयोध्या हुई हमारी है, अब मथुरा की बारी है” जैसे जयघोष किए। रजत शिला के दर्शन और पूजन को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।

विधि-विधान से की गई पूजन और आरती

अग्रसेन भवन में अग्रवाल सभा के अध्यक्ष महेश अग्रवाल के नेतृत्व में संकल्पित रजत शिला का विधि-विधान से पूजन और आरती की गई। महेश अग्रवाल ने कहा कि रजत शिला के पूजन और आरती का अवसर उनके लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि सभी सनातनियों की कामना है कि जिस प्रकार अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बना है, उसी प्रकार मथुरा में भी भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि पर भव्य और दिव्य मंदिर का निर्माण हो।

Sankalpit Rajat Shila  Krishna Janmabhoomi Temple Reaches Saunkh in Mathura
सड़कें बनी तालाब तो तहसील पहुंची महिलाओं ने वहीं किया भजन-कीर्तन, फिर अफसरो को सुनाई ‘जलभराव की कहानी’- वीडियो

बताया गया कि यह संकल्पित रजत शिला श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर निर्माण के संकल्प के प्रतीक के रूप में तैयार कराई गई है। आयोजकों के अनुसार, न्यायालय का निर्णय आने के बाद मंदिर निर्माण की स्थिति बनने पर इस रजत शिला को प्रथम रजत शिला के रूप में उपयोग किए जाने का संकल्प लिया गया है। शिला का प्रथम पूजन श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र और श्रीकृष्ण जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष पूज्य नृत्य गोपाल दास महाराज के कर-कमलों से कराया गया था।

लगभग एक लाख पवित्र स्थानों पर पूजन कराने का कार्यक्रम

श्रीकृष्ण जन्मभूमि प्रकरण में याचिकाकर्ता दिनेश फलाहारी महाराज ने कहा कि संकल्पित रजत शिला को देशभर में ले जाकर लगभग एक लाख पवित्र स्थानों पर पूजन कराने का कार्यक्रम है। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि से जुड़े विषय के प्रति जनजागरण करना है।

कार्यक्रम के संयोजक पं. राजेश पाठक ने बताया कि पूज्य फलाहारी महाराज के नेतृत्व में संकल्पित रजत शिला का पूजन संतों, प्रमुख धार्मिक स्थलों और सनातन समाज के लोगों द्वारा कराया जा रहा है। उनके अनुसार, इस अभियान के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों को श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़े विषय से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के वरिष्ठ नेता जय राम शर्मा, हरिदास महाराज, विष्णु अग्रवाल, पवन सिंघल, साकेत अग्रवाल, सतीश अग्रवाल, विशेष कुमार, जुगल किशोर, शालू चौधरी, अभिषेक बजाज, मोनू, संतोष कुमार, अनिल कुमार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com