राया में ट्रेन सीट को लेकर विवाद बना खूनी संघर्ष; चलती ट्रेन से युवक को फेंका, मां के सामने बेटे ने तोड़ा दम

Mathura Train Incident: राया थाना क्षेत्र में हाथरस से मथुरा आ रही ट्रेन में सीट को लेकर विवाद के बाद दो युवकों के बीच मारपीट हुई और एक युवक ने दूसरे को चलती ट्रेन के गेट से बाहर धक्का दे दिया।
Raya Train Incident  Youth Dies  Alleged Push from Moving Train Over Seat Dispute
राया थाना क्षेत्र(सोर्स- फोटो नवभारत)
Published on
Updated on

Raya Train Murder Case: थाना राया क्षेत्र में शुक्रवार-शनिवार की देर रात हाथरस से मथुरा आ रही ट्रेन में सीट पर बैठने को लेकर हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि कहासुनी के बाद दो युवकों के बीच मारपीट हुई और इसी दौरान एक युवक ने दूसरे युवक को चलती ट्रेन के गेट से बाहर धक्का दे दिया। ट्रेन से गिरने के बाद युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई, जबकि मृतक की मां की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।

जानकारी के अनुसार, युवक अपनी मां के साथ हाथरस क्षेत्र के रानी का नगला से मथुरा की ओर आ रहा था। शुक्रवार-शनिवार की देर रात करीब एक बजे ट्रेन राया थाना क्षेत्र से होकर गुजर रही थी। इसी दौरान ट्रेन में सीट पर बैठने को लेकर युवक का दूसरे युवक से विवाद हो गया। शुरुआत में दोनों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई।

यात्रियों ने दोनों को समझाने का प्रयास किया

बताया जा रहा है कि ट्रेन के अंदर मौजूद यात्रियों ने दोनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन विवाद शांत नहीं हुआ। आरोप है कि मारपीट के दौरान दूसरे युवक ने मृतक को ट्रेन के गेट की तरफ धक्का दिया और इसी दौरान वह चलती ट्रेन से नीचे जा गिरा। ट्रेन से गिरने के बाद युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद उसकी मां ने मदद के लिए शोर मचाया और बेटे को बचाने की गुहार लगाई, लेकिन तब तक युवक की हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी।

Raya Train Incident  Youth Dies  Alleged Push from Moving Train Over Seat Dispute
Varanasi: रेलवे अस्पताल में अत्याधुनिक CataRhex 3 easy मशीन से होगी मोतियाबिंद सर्जरी, उपचार में बढ़ेगी सटीकता

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस द्वारा ट्रेन में मौजूद यात्रियों और प्रत्यक्षदर्शियों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही ट्रेन में सीट को लेकर हुए विवाद की शुरुआत कैसे हुई और युवक को किस परिस्थिति में ट्रेन से बाहर गिराया गया, इसकी भी जांच की जा रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई

घटना के बाद आरोपी युवक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

उधर, युवक की मौत की खबर जैसे ही परिवार के लोगों को मिली, घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस बेटे के साथ मां सफर कर रही थी, उसकी आंखों के सामने ही उसकी जान चली गई। इस घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। अब पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि ट्रेन में विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ और युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई। घटना के बाद क्षेत्र में भी इस दर्दनाक हादसे को लेकर चर्चा बनी हुई है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com