

Ankit Baliyan Murder Case: हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की बुधवार शाम हत्या के बाद हंगामा मच गया। नाला पटरी मार्ग पर जिम से बाहर निकलते ही बदमाशों ने अंकित बालियान की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी।
हत्या के कुछ घंटे बाद हड़कंप मच गया और परिजनों ने बालियान के शव के साथ पुलिस से आरोपी को ढूंढने और सजा दिलाने की मांग की। हत्याकांड की रात को इंस्टाग्राम पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े एक गोगी ग्रुप के भोलू शाहपुरिया ने पोस्ट हत्याकांड की जिम्मेदारी ली।
दूसरे दिन गुरुवार को हरियाणवी सिंगर भूपेंद्र ढींगरा ने एक वीडियो जारी कर अंकित की हत्या करवाने का दावा किया। उसने कहा कि अंकित ने उसे गाली दी थी, इसलिए उसकी हत्या करवाई। हालांकि, अंकित बालियान के पिता का कहना है कि उनके बेटे की किसी भी गैंग से कोई दुश्मनी नहीं थी। इसलिए इसके किसी हरियाणवी सिंगर का हाथ हो सकता है।
इस बीच अंकित बालियान की पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी सामने आ गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार अंकित को कुल 9 गोली लगी थी। 5 गोलियां शरीर में ही फंसी रहीं, जबकि चार बाहर निकल गई थी। पोस्टमार्टम के बाद गुरुवार की दोपहर पुलिस की मौजूदगी में शव का अंतिम संस्कार किया गया। इसके बाद वारदात में शामिल दो शूटरों का फोटो इंटरनेट में वायरल हो गया।
आपको जानकारी दें, कि बुधवार की शाम करीब 6.45 बजे चार शूटरों ने कोतवाली क्षेत्र के आर्यपुरी में मसल्स श्री बालाजी जिम से बाहर निकल रहे अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी थी। बुधवार रात पिता सत्यवीर फौजी ने पुलिस के पास अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी अब सामने आ गया है, जो कि सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हत्याकांड से नाराज परिजनों ने रात 11:46 तक वर्मा मार्केट चौराहे पर शव रखकर चक्का जाम कर दिया था। चार दिन में आरोपियों को पकड़ने का आश्वासन देने के बाद परिजनों ने जाम खोला और अंतिम संस्कार किया।
गुरुवार तड़के ढाई बजे से आठ बजे तक दो डॉक्टरों ने मिलकर शव का पोस्टमार्टम किया। सूत्रों के अनुसार, अंकित के शरीर में 9 गोलियां लगी थी। 5 शरीर में फंसी थीं। अंकित के सिर, हाथ और दोनों कंधों में लगी चार गोली शरीर के आरपार हो गई थी।
बुधवार को सुबह 2:00 बजे इंस्टाग्राम पर इस घटना से जुड़ी एक पोस्ट शेयर की गई। पोस्ट करने वाले व्यक्ति ने अपनी पहचान गोगी गैंग के भोलू शाहपुरिया (सोनीपत) के तौर पर बताई। पोस्ट में कहा गया कि अंकित दुश्मनों का साथ देता था और उसने 'गोगी भाई' से जुड़ी घटना पर एक गाना भी बनाया था।
साथ ही, आरोप है कि उसने आपराधिक गतिविधियों में दुश्मनों की मदद की थी, इसीलिए उसे खत्म कर दिया गया। पोस्ट में चेतावनी दी गई कि जो कोई भी दुश्मनों का साथ देगा, उसका भी यही हश्र होगा और लोगों से "इंतजार करने और देखने" को कहा गया। जिस इंस्टाग्राम अकाउंट से यह पोस्ट शेयर की गई थी, उसे गुरुवार सुबह 6:00 बजे के बाद डीएक्टिवेट कर दिया गया।