

Mathura Giriraj Parikrama Wall Collapse: मथुरा गोवर्धन थाना क्षेत्र में गिरिराज परिक्रमा मार्ग किनारे निर्माणाधीन राष्ट्रीय इंटर कॉलेज के गेट की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के दौरान मलबे में दबने से दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों और अन्य मजदूरों ने किसी तरह मलबा हटाकर दोनों घायलों को बाहर निकाला।
घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि राष्ट्रीय इंटर कॉलेज के गेट का सौंदर्यीकरण कार्य ब्रज तीर्थ विकास परिषद की ओर से कराया जा रहा था। इसी निर्माण कार्य के दौरान गेट की दीवार अचानक मजदूरों के ऊपर जा गिरी।
हादसे के बाद मौके पर निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान मजदूर बिना पर्याप्त सेफ्टी उपकरणों के काम कर रहे थे।
हादसे के बाद घटनास्थल पर मलबा बिखरा पड़ा रहा। मौके पर मांस और हड्डियों के टुकड़े भी दिखाई देने की बात सामने आई है, जिससे स्थानीय लोगों में चर्चा बनी हुई है। वहीं, हादसे के बाद संबंधित अधिकारियों के मौके पर नहीं पहुंचने को लेकर भी लोगों में नाराजगी दिखाई दी।
स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने और घटना की जांच कर जिम्मेदारी तय करने की मांग की है। हादसे के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता और मजदूरों की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।