सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर पीडीए की बड़ी कार्रवाई, प्रयागराज में यूपीपीएससी के पास तीन कोचिंग संस्थान सील

UPPSC Coaching Centres Sealed: लखनऊ अग्निकांड के बाद प्रयागराज प्रशासन ने सख्ती बढ़ाते हुए UPPSC के पास 3 कोचिंग संस्थानों को सील कर दिया। जांच में सुरक्षा मानकों को लेकर कई गंभीर अनियमितताएं मिली।
Prayagraj Administration Seals Coaching Institutes Near UPPSC Lucknow Fire Tragedy
प्रयागराज (सोर्स- फोटो नवभारत)
Published on
Updated on

Prayagraj UPPSC Coaching Centres Sealed: राजधानी लखनऊ के अलीगंज में हुए अग्निकांड के बाद प्रशासन ने कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री के सख्त आदेश के बाद प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) की टीम ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) के निकट स्थित तीन कोचिंग संस्थानों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें सील कर दिया। जांच में इन संस्थानों द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों और भवन उपयोग नियमों का घोर उल्लंघन पाए जाने पर यह कदम उठाया गया।

यूपीपीएससी के पास तीन कोचिंग संस्थान सील

पीडीए की टीम ने यूपीपीएससी गेट संख्या-2 के सामने टीबी सपू मार्ग पर संचालित खान ग्लोबल कोचिंग संस्थान, राव आईएएस कोचिंग और पितृ छाया कोचिंग की जांच की। निरीक्षण के दौरान पाया गया की तीनों संस्थानों के भवन निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं थे और कई आवश्यक सुरक्षा प्रावधानों का पालन नहीं किया जा रहा था। इसके अलावा भवनों के उपयोग से जुड़े नियमों का भी उल्लंघन सामने आया।

प्रयागराज विकास प्राधिकरण के वीसी ऋषिराज का बयान

प्रयागराज विकास प्राधिकरण के वीसी ऋषिराज का कहना है कि कार्रवाई के दौरान कोचिंग प्रबंधन आवश्यक सुरक्षा संबंधी दस्तावेज और अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पीडीए ने तत्काल प्रभाव से तीनों संस्थानों को सील कर दिया। इस कार्रवाई में क्षेत्रीय जोनल अभियंता, क्षेत्रीय सुपरवाइजर, प्रवर्तन दल तथा सिविल लाइंस थाने की पुलिस भी शामिल रही।

पीडीए के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और जिले के अन्य कोचिंग संस्थानों की भी जांच की जाएगी। जिन संस्थानों में सुरक्षा मानकों, अग्निशमन व्यवस्था या भवन उपयोग नियमों का उल्लंघन पाया जाएगा, उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

प्रयागराज विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ने कहा कि छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी कोचिंग संस्थान को नियमों की अनदेखी करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद शहर के कोचिंग संचालकों में हलचल है और कई संस्थान अपने सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा में जुट गए हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com