मथुरा में 6 दिसंबर को फिर कार सेवा का ऐलान, करणी सेना बोली- देशभर से पहुंचेंगे हजारों सनातनी

Mathura Karni Sena Kar Sewa: श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे पर मथुरा में फिर से कार सेवा की घोषणा की। करणी सेना ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मस्थान मंदिर पर लगे ग्रहण को हटाने के उद्देश्य से कार सेवा करेगी।
Mathura Karni Sena Kar Sewa
करणी सेना के नेता ठाकुर विजयपाल सिंह(सोर्स- नवभारत लाइव)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • मथुरा में एक बार फिर 6 दिसंबर को कार सेवा की घोषणा

  • करणी सेना बोली- देशभर से पहुंचेंगे हजारों सनातनी

  • श्रीकृष्ण जन्मभूमि विवाद कोर्ट में विचाराधीन

Shri Krishna Janmabhoomi controversy: श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे को लेकर धर्मनगरी मथुरा में एक बार फिर 6 दिसंबर को कार सेवा की घोषणा की। करणी सेना के नेता ठाकुर विजयपाल सिंह ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मस्थान मंदिर पर लगे ग्रहण को हटाने के उद्देश्य से कार सेवा करेगी। इस कार्यक्रम में देशभर से हजारों की संख्या में सनातनियों के मथुरा पहुंचने का दावा भी किया गया है।

ठाकुर विजयपाल सिंह ने कहा कि करणी सेना एक बड़ा संगठन है और संगठन का अपना व्यापक परिवार है। करणी सेना पहले भी विभिन्न मुद्दों को लेकर बड़े आंदोलन करती रही है। अब संगठन ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे को लेकर 6 दिसंबर को कार सेवा करेंगे। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और इस मुद्दे पर सनातन समाज को एकजुट होकर अपनी भावनाएं व्यक्त करनी चाहिए।

Mathura Karni Sena Kar Sewa
गोपाष्टमी पर सीएम योगी ने किया गो पूजन,रमेश बाबा को दी श्रद्धांजलि;12 यूनिट के फ्री डायलिसिस केंद्र की शुरुआत

बड़े स्तर पर कार्यक्रम करेगी करणी सेना

ठाकुर विजयपाल सिंह ने कहा कि करणी सेना इस अभियान को व्यापक स्तर पर आयोजित करने की तैयारी कर रही है। इसके लिए संगठन के सदस्यों और विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों से संपर्क किया जा रहा है। उन्होंने विशेष रूप से यादव समाज से इस अभियान में शामिल होने की अपील की।

उन्होंने कृष्ण भक्तों, साधु-संतों, सनातनी संगठनों और देशभर के सनातनी भाइयों से भी 6 दिसंबर को मथुरा पहुंचने का आह्वान किया। ठाकुर विजयपाल सिंह ने कहा कि करणी सेना चाहती है कि इस अभियान में अधिक से अधिक लोग भागीदारी करें और श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़े विषय पर अपनी एकजुटता प्रदर्शित करें।

श्रीकृष्ण जन्मभूमि विवाद कोर्ट में विचाराधीन

गौरतलब है कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि और शाही ईदगाह परिसर से जुड़ा विवाद लंबे समय से न्यायालय में विचाराधीन है। इस मामले में विभिन्न पक्षों की ओर से कानूनी प्रक्रिया के तहत अपनी दलीलें और मांगें रखी जा रही हैं। ऐसे में 6 दिसंबर को कार सेवा के ऐलान ने एक बार फिर श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़े मुद्दे को चर्चा में ला दिया है।

अब इस घोषणा के बाद सबसे अधिक नजर प्रशासन की तैयारियों और प्रस्तावित कार्यक्रम के स्वरूप पर रहेगी। कार सेवा कहां और किस प्रकार आयोजित की जाएगी, इसमें कितने संगठनों की भागीदारी होगी और इसके लिए प्रशासन से अनुमति ली गई है या नहीं, इन बिंदुओं पर अभी स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।

Mathura Karni Sena Kar Sewa
मथुरा में जीजा का करोड़ों वाला प्यार! दो सालों को पहनाई एक-एक करोड़ के नोटों की माला, वायरल वीडियो से मची हलचल