

चर्चित निर्देशक नितेश तिवारी ने किया फिल्म का निर्देशन
मथुरावासियों को पसंद आई फिल्म ‘रामायण: पार्ट वन’
भव्य प्रस्तुति और शानदार दृश्यों की हो रही चर्चा
Ramayana Movie Creates Buzz: भगवान श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा में भगवान श्रीराम की गाथा पर आधारित बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण: पार्ट वन’ को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। गुरुवार को फिल्म के सिनेमाघरों में रिलीज होते ही दर्शक इसे देखने हाइवे प्लाजा स्थिति गोल्ड टाकीज और रुपम टाकीज पहुंचे। फिल्म देखकर बाहर निकले दर्शकों ने इसकी भव्य प्रस्तुति, कलाकारों के अभिनय और शानदार दृश्यों की जमकर तारीफ की। खासतौर पर रणबीर कपूर के भगवान श्रीराम के स्वरूप और दक्षिण भारतीय सुपरस्टार यश के रावण अवतार ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़े महाकाव्य रामायण पर आधारित इस फिल्म का दर्शकों को लंबे समय से इंतजार था। बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर भगवान श्रीराम की भूमिका में नजर आ रहे हैं, जबकि यश ने लंकापति रावण का किरदार निभाया है। फिल्म में साईं पल्लवी माता सीता, सनी देओल भगवान हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में दिखाई दे रहे हैं। बड़े बजट और आधुनिक तकनीक के साथ तैयार की गई इस फिल्म को भव्य सिनेमाई अनुभव के रूप में प्रस्तुत किया गया है।
मथुरा में फिल्म देखकर निकले दर्शकों ने कहा कि रामायण जैसी पवित्र और प्रेरणादायक गाथा को बड़े पर्दे पर देखना अपने आप में अलग अनुभव है। दर्शकों के मुताबिक रणबीर कपूर ने भगवान श्रीराम के व्यक्तित्व को गंभीरता और मर्यादा के साथ प्रस्तुत करने का प्रयास किया है। वहीं यश का रावण के रूप में प्रभावशाली लुक और उनका अंदाज फिल्म का प्रमुख आकर्षण है। साईं पल्लवी के माता सीता के किरदार और सनी देओल के हनुमान स्वरूप को लेकर भी दर्शकों में उत्सुकता दिखाई दी।
फिल्म में भव्य सेट, आधुनिक विजुअल इफेक्ट्स, युद्ध के दृश्य और शानदार सिनेमैटोग्राफी का इस्तेमाल किया गया है। रामायण के महत्वपूर्ण प्रसंगों को बड़े पर्दे पर जीवंत करने के लिए विशेष तकनीकी तैयारियां की गई हैं। दर्शकों का कहना है कि फिल्म के दृश्य और कलाकारों की वेशभूषा भारतीय पौराणिक संस्कृति की भव्यता को दर्शाते हैं। सोशल मीडिया पर भी फिल्म को लेकर प्रतिक्रियाएं साझा की जा रही हैं।
फिल्म का निर्देशन चर्चित निर्देशक नितेश तिवारी ने किया है, जबकि निर्माण की जिम्मेदारी नमित मल्होत्रा ने संभाली है। फिल्म के संगीत को खास बनाने के लिए ऑस्कर विजेता संगीतकार एआर रहमान और हॉलीवुड के प्रसिद्ध संगीतकार हंस जिमर ने काम किया है। फिल्म में अरुण गोविल राजा दशरथ और लारा दत्ता कैकेयी की भूमिका में नजर आ रहे हैं।
निर्माताओं ने रामायण की इस महागाथा को दो भागों में प्रस्तुत करने की योजना बनाई है। पहले भाग की रिलीज के बाद अब दर्शकों को इसके अगले भाग का इंतजार रहेगा।
गौरतलब है कि मथुरा भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि होने के साथ-साथ ब्रज की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है। ऐसे में कृष्ण की नगरी में भगवान श्रीराम की गाथा पर बनी फिल्म को लेकर दर्शकों का उत्साह भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा के प्रति लोगों के जुड़ाव को भी दर्शाता है। रामायण केवल धार्मिक कथा नहीं, बल्कि सत्य, मर्यादा, त्याग, कर्तव्य और आदर्श जीवन का संदेश देने वाला महाकाव्य है।