मथुरा में भक्ति का सैलाब, छप्पन भोग लेकर निकले श्रद्धालु; गिरिराज महाराज का हुआ भव्य अभिषेक

Mathura Govardhan Puja: दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, हिमाचल प्रदेश और पंजाब सहित देश ही नहीं बल्कि विदेशी कृष्ण भक्तों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और नाचते-गाते नजर आए।
Mathura Govardhan Puja
गोवर्धन पूजा पर मथुरा में उमड़ा भक्तों का सैलाब!(सोर्स: नवभारत लाइव)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • पंचामृत से हुआ गिरिराज महाराज का दुग्धाभिषेक

  • भगवान श्रीकृष्ण की द्वापर युगीन लीला का किया स्मरण

  • ढोल-मृदंग और हरिनाम संकीर्तन की धुन पर झूमे देशी-विदेशी भक्त

Mathura Giriraj Maharaj: धर्मनगरी मथुरा के गोवर्धन में गोवर्धन पूजा का पर्व बड़े ही धूमधाम, श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गिरिराज महाराज के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे हजारों श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में सराबोर नजर आए।

सुबह से ही गोवर्धन की तलहटी में भक्तों की आवाजाही शुरू हो गई। मंदिरों में पूजा-अर्चना के साथ जगह-जगह धार्मिक आयोजन हुए। ढोल, ढप, मृदंग और हरिनाम संकीर्तन की मधुर धुनों ने पूरे गोवर्धन को भक्तिमय बना दिया। गोवर्धन पूजा के विशेष आयोजन के दौरान श्रद्धालु भक्त श्री चैतन्य गौड़ीय मठ से सिर पर छप्पन भोग की टोकरियां रखकर परिक्रमा मार्ग पर निकले।

भक्तों के इस धार्मिक आयोजन को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्रित हुए। सिर पर छप्पन भोग लेकर चल रहे भक्त भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। पूरा परिक्रमा मार्ग राधे-राधे और गिरिराज महाराज के जयकारों से गूंज उठा।

देश के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालु पहुंचे गोवर्धन

इस दौरान गिरिराज महाराज की तलहटी में दूध, दही, शहद और बूरा आदि से तैयार पंचामृत से उनका दुग्धाभिषेक किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर भक्तों ने गिरिराज महाराज से परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, हिमाचल प्रदेश और पंजाब सहित देश के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालु गोवर्धन पहुंचे। आयोजन में देशी श्रद्धालुओं के साथ विदेशी कृष्ण भक्तों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। ढोल, ढप और मृदंग की थाप पर हरिनाम संकीर्तन करते हुए भक्त नाचते-गाते नजर आए।

श्रद्धालुओं का कहना था कि गोवर्धन पूजा का पर्व उनके लिए विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व रखता है। गिरिराज महाराज की पूजा और परिक्रमा करने से उन्हें आत्मिक शांति और भगवान श्रीकृष्ण की कृपा का अनुभव होता है।

Mathura Govardhan Puja
Govardhan Puja 2026: जानें गोवर्धन पूजा पर घर के मुख्य द्वार पर क्यों बनाए जाते हैं गाय के पैरों के निशान?

सात दिनों तक श्रीकृष्ण ने धारण किया था गोवर्धन पर्वत

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार गोवर्धन पर्वत का भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं में विशेष महत्व है। द्वापर युग में जब देवराज इंद्र ने ब्रज में भारी वर्षा कर अपना प्रकोप दिखाया था, तब भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों और गोवंश की रक्षा के लिए गोवर्धन पर्वत को अपनी तर्जनी उंगली पर धारण कर लिया था।

सात दिनों तक भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत को धारण कर समस्त ब्रजवासियों को वर्षा और इंद्र के प्रकोप से सुरक्षित रखा था। इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण ने देवराज इंद्र का मान-मर्दन कर ब्रजवासियों को गोवर्धन पूजा का महत्व समझाया।

Mathura Govardhan Puja
गोवर्धन पूजा पर इस बार गाय के गोबर से बनाएं भगवान श्री कृष्ण और गोवर्धन पर्वत, जानिए बनाने का तरीका