मथुरा में जनसत्ता दल लोकतांत्रिक की समीक्षा बैठक संपन्न, 2027 के चुनाव को लेकर संगठन मजबूत करने पर जोर

Mathura News: जनसत्ता दल लोकतांत्रिक की समीक्षा बैठक में विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा हुई। पार्टी ने बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने और युवाओं के रोजगार के मुद्दे को प्राथमिकता देने का ऐलान किया।
Jansatta Dal Democratic Holds Review Meeting Mathura, Announces Campaign for 2027 Polls
जनसत्ता दल लोकतांत्रिक (सोर्स- फोटो नवभारत)
Updated on

Jansatta Dal Loktantrik Mathura: जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर रघुराज प्रताप सिंह "राजा भैया" के निर्देशानुसार मंगलवार को मथुरा स्थित सर्किट हाउस (पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस) में पार्टी के युवा प्रकोष्ठ एवं किसान प्रकोष्ठ की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा जनसंपर्क अभियान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता रहे मौजूद

बैठक में युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष बलबीर सिंह शिवाजी, प्रदेश सचिव श्रीमती मीरा चौधरी, जिलाध्यक्ष संजय शर्मा, महानगर अध्यक्ष विष्णु ठाकुर, जिला उपाध्यक्ष ठाकुर विकास सिंह सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी पर विशेष बल दिया गया।

घर-घर जनसंपर्क अभियान का ऐलान

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष बलबीर सिंह "शिवाजी" ने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए पार्टी घर-घर जनसंपर्क अभियान चलाएगी। उन्होंने बताया कि कार्यकर्ता प्रत्येक घर तक पहुंचकर पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों की जानकारी लोगों तक पहुंचाएंगे तथा संगठन के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

उन्होंने युवाओं से जुड़े मुद्दों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में बड़ी संख्या में शिक्षित युवा बेरोजगारी की समस्या का सामना कर रहे हैं। उनके अनुसार, जनसत्ता दल लोकतांत्रिक युवाओं के रोजगार और उनके हितों को प्राथमिकता देने की दिशा में कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी युवाओं को संगठन में अधिक से अधिक अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है।

अपने संबोधन में बलबीर सिंह "शिवाजी" ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं के उत्साह और जनसमर्थन के बल पर वर्ष 2027 के चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजा भैया के नेतृत्व में संगठन को प्रदेशभर में और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।

Navbharat Live
navbharatlive.com