2027 विधानसभा चुनाव का रोडमैप तैयार! सपा के PDA की काट के लिए BJP का पिछड़ा वर्ग और ओबीसी मोर्चा सक्रिय

BJP OBC Morcha Meeting: यूपी में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी तेज हो गई है। स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप के आवास पर भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा की बैठक हुई।
Roadmap for the 2027 Assembly elections ready! BJP's Backward Class and OBC Morcha active to counter SP's 'PDA' strategy.
योगी आदित्यनाथ और नरेंद्र मोदी (सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

UP Assembly Election 2027 Strategy: उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री (पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण) नरेंद्र कश्यप के लखनऊ स्थित सरकारी आवास पर सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के पिछड़ा वर्ग मोर्चा एवं उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग के पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन की रणनीति, पिछड़ा वर्ग के बीच जनसंपर्क अभियान और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के विषय पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल, प्रदेश पिछड़ा वर्ग मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष राजेश वर्मासहित आयोग एवं संगठन से जुड़े कई पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रारंभ में सभी सदस्यों का परिचय हुआ, जिसके बाद आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर विस्तृत विचार-विमर्श शुरू हुआ।

संगठन की मजबूती पर जोर

बैठक के दौरान मंत्री नरेंद्र कश्यप ने संगठन की मजबूती पर विशेष जोर देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत संगठन और कार्यकर्ताओं का समर्पण है। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव को ध्यान में रखते हुए पिछड़ा वर्ग के बीच लगातार संवाद स्थापित करना होगा तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना होगा।

आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर हुई चर्चा

प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल ने भी बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि प्रदेश के प्रत्येक जिले में पिछड़ा वर्ग समाज के प्रमुख लोगों, जनप्रतिनिधियों और संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मंडल, सेक्टर और बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।

प्रदेशभर में व्यापक होगा जनसंपर्क

बैठक में इस बात पर भी सहमति बनी कि उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग एवं संगठन के पदाधिकारी प्रदेशभर में व्यापक जनसंपर्क करेंगे। विभिन्न सामाजिक संगठनों, प्रबुद्ध वर्ग और पिछड़ा समाज के प्रतिनिधियों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सरकार एवं संगठन तक पहुंचाया जाएगा। इसके साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति भी तैयार की जाएगी।

2027 विधानसभा चुनाव की हो रही तैयारी

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह बैठक वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। नरेंद्र कश्यप लंबे समय तक भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं और पिछड़ा वर्ग की राजनीति में उनका व्यापक अनुभव रहा है। ऐसे में संगठन उनके अनुभव और मार्गदर्शन का लाभ लेकर चुनावी रणनीति को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में काम कर रहा है।

कई मुद्दों पर विस्तार से हुई चर्चा

बैठक में आगामी दिनों में प्रदेशभर में चरणबद्ध कार्यक्रम आयोजित करने, कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण, सामाजिक संवाद और संगठन विस्तार को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। माना जा रहा है कि भाजपा ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से संगठनात्मक तैयारियों को गति देना शुरू कर दिया है और पिछड़ा वर्ग के बीच अपनी पकड़ को और मजबूत करने की रणनीति पर तेजी से काम किया जा रहा है।

Navbharat Live
navbharatlive.com