यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, कंटेनर ने 15 लोगों को कुचला; 6 की मौत, कई घायल

Mathura Road Accident: यूपी के मथुरा में हुए हादसे में तकरीबन 6 लोगों की मौत हो गई। यमुना एक्सप्रेस-वे पर लघुशंका करने के लिए बस से उतरे यात्रियों को कंटेनर ने कुचल दिया।
mathura expressway accident
यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, फोटो- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Yamuna Expressway Accident: मथुरा जिले के सुरीर कोतवाली इलाके में माइल स्टोन 88 के पास शनिवार तड़के करीब 3:30 बजे यह भीषण सड़क हादसा हुआ। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेसवे पर बड़ा सड़क हादसा हुआ है। लघुशंका के लिए बस से उतरे यात्रियों को एक तेज रफ्तार कंटेनर ने कुचल दिया।

इस दर्दनाक हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

आगरा जा रही थी बस

जानकारी के अनुसार, एक निजी बस यात्रियों को लेकर नोएडा से आगरा की ओर जा रही थी। सफर के दौरान कुछ यात्रियों को लघुशंका लगी, जिसके बाद चालक ने बस को किनारे खड़ा कर दिया। जैसे ही यात्री बस से नीचे उतरे, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार कंटेनर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

लोगों ने बताया आंखों देखा हाल

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भयानक था कि कंटेनर ने सड़क किनारे खड़े यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं दिया। अंधेरे और तेज रफ्तार के कारण कंटेनर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और यात्रियों को कुचलता हुआ आगे निकल गया। घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर चीख-पुकार मच गई और चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।

हादसे का शिकार हुए 15 यात्री, 6 की मौके पर मौत

मथुरा पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में कुल 15 लोग कंटेनर की चपेट में आए थे। इनमें से छह यात्रियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, 9 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही सुरीर कोतवाली पुलिस और यमुना एक्सप्रेसवे के सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।

पुलिस ने सभी मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवा दिया है और उनकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है। घायलों की स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है और डॉक्टर उनका इलाज कर रहे हैं। पुलिस ने घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com