

Garment Showroom Fire Incident Jaunpur: उत्तर प्रदेश के जौनपुर के शहर कोतवाली क्षेत्र के जोगियापुर स्थित प्रेम गाढ़ा वस्त्रालय में शनिवार को अचानक शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे शोरूम को अपनी चपेट में ले लिया। जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल विभाग की एक दर्जन से अधिक गाड़ियों को मौके पर लगाया गया।
वहीं, शोरूम से करीब 100 मीटर दूर बह रही गोमती नदी से भी पानी की आपूर्ति कर आग बुझाने का अभियान चलाया गया। घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक समेत प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों का भारी अमला मौके पर पहुंच गया। आग देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए, जिससे आसपास के मार्गों पर जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील करते हुए क्षेत्र को खाली कराया।
बता दें कि दमकल कर्मियों ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत और जान जोखिम में डालकर आग पर लगभग 80 से 90 प्रतिशत तक काबू पा लिया। हालांकि, शोरूम में रखे कपड़े, रजाई, गद्दे और अन्य वस्त्र सामग्री बड़ी मात्रा में जलकर नष्ट हो गई। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
मौके पर मौजूद जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन ने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की कई गाड़ियों को लगाया गया। उन्होंने कहा कि शोरूम अत्यंत संकरे क्षेत्र में स्थित होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद दमकल कर्मियों ने साहस और तत्परता के साथ आग पर नियंत्रण पाने का कार्य किया।
जिलाधिकारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। मामले की जांच के लिए दो सदस्यीय टीम गठित कर दी गई है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि व्यावसायिक भवनों के निर्माण में सुरक्षा मानकों का पालन करें तथा आपातकालीन निकास (इमरजेंसी एग्जिट) की व्यवस्था अवश्य रखें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में जनहानि से बचा जा सके। प्रशासन के अनुसार आग पूरी तरह बुझने के बाद ही वास्तविक नुकसान का आकलन किया जा सकेगा।