

कनिष्ठ विश्लेषक (खाद्य) भर्ती का फाइनल रिजल्ट जारी
417 पदों के मुकाबले 414 अभ्यर्थियों को चुना गया
आयोग ने 18 अभ्यर्थियों का चयन फिलहाल अस्थायी तौर पर किया
UPSSSC Junior Analyst Cut Off: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने कनिष्ठ विश्लेषक (खाद्य) भर्ती का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। इस भर्ती में 417 पदों के मुकाबले 414 अभ्यर्थियों को चुना गया है। आयोग ने चयनित अभ्यर्थियों की सूची और कैटेगरी के हिसाब से कटऑफ अपनी वेबसाइट पर जारी कर दी है।
यह भर्ती खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के लिए निकाली गई थी। इस भर्ती की मुख्य लिखित परीक्षा 16 फरवरी 2025 को हुई थी। परीक्षा के बाद अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच की गई। इसके बाद आयोग ने फाइनल रिजल्ट जारी किया।
UPSSSC की ओर से जारी सूची के मुताबिक, कुल 414 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। इनमें 168 सामान्य वर्ग, 87 अनुसूचित जाति, 4 अनुसूचित जनजाति, 114 अन्य पिछड़ा वर्ग और 41 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के अभ्यर्थी शामिल हैं।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों के लिए 8 पद रखे गए थे, जिनमें से 4 पर चयन हुआ है। वहीं, सैन्य वियोजित और भूतपूर्व सैनिक श्रेणी के 20 पदों के मुकाबले 4 अभ्यर्थियों को चुना गया है।
खेल कोटे में कोई योग्य अभ्यर्थी नहीं मिलने के कारण इन पदों पर मेरिट के आधार पर दूसरे अभ्यर्थियों का चयन किया गया है।
अनुसूचित जनजाति के लिए तय 7 पदों में से 4 पर चयन हुआ है। बाकी 3 पदों को संबंधित विभाग को भेजा जाएगा। आयोग ने बताया कि आरक्षण के नियमों के तहत चुने गए अभ्यर्थियों को उनकी मूल कैटेगरी में ही रखा गया है।
आयोग ने 18 अभ्यर्थियों का चयन औपबंधिक यानी फिलहाल अस्थायी तौर पर किया है। इनका अंतिम चयन आयोग या संबंधित विभाग के फैसले पर निर्भर करेगा।
इसके अलावा भर्ती से जुड़े कुछ मामले अदालत में चल रहे हैं। ऐसे में चयन का अंतिम परिणाम इन मामलों में अदालत के आने वाले फैसलों के अधीन रहेगा।
कनिष्ठ विश्लेषक (खाद्य) का काम खाने-पीने की चीजों की गुणवत्ता जांचना है। इनकी नियुक्ति होने से खाद्य पदार्थों के सैंपल की जांच और उनमें मिलावट पकड़ने के काम में मदद मिलेगी।
इससे उत्तर प्रदेश में मिलावट के खिलाफ चलने वाले अभियान को मजबूती मिलने की उम्मीद है। साथ ही लोगों को सुरक्षित और अच्छी गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी।