

Excise Constable Vacancy : उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने आबकारी सिपाही मुख्य परीक्षा 2026 की तारीख घोषित कर दी है। आयोग के परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार मुख्य लिखित परीक्षा 20 सितंबर 2026 को आयोजित होगी।
परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेगी। यह परीक्षा विज्ञापन संख्या 08-परीक्षा/2026 के तहत होगी। परीक्षा की तारीख सामने आने के बाद अभ्यर्थियों के पास तैयारी के लिए सीमित समय बचा है। ऐसे में उन्हें रिवीजन और मॉक टेस्ट के साथ कमजोर विषयों पर भी ध्यान देना होगा।
आबकारी सिपाही मुख्य परीक्षा के लिए 32,891 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया है। इनका चयन PET-2025 के आधार पर हुआ है। भर्ती में पदों की संख्या भी बढ़ाई गई है। पहले 722 पद निर्धारित थे, जिन्हें बढ़ाकर अब 820 पद कर दिया गया है।
मुख्य परीक्षा के लिए चयनित उम्मीदवारों को निर्धारित परीक्षा शुल्क भी जमा करना होगा। अनारक्षित और अन्य पिछड़ा वर्ग के उम्मीदवारों के लिए शुल्क 200 रुपये है, जबकि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के उम्मीदवारों को 80 रुपये देने होंगे। दिव्यांग अभ्यर्थियों से कोई परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाएगा।
अभी आयोग ने मुख्य परीक्षा का एडमिट कार्ड जारी नहीं किया है। प्रवेश पत्र जारी होने की तारीख बाद में घोषित की जाएगी। अभ्यर्थियों को UPSSSC की आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है। एडमिट कार्ड में परीक्षा केंद्र, रिपोर्टिंग टाइम और अन्य जरूरी दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
परीक्षा के दिन उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड के साथ निर्धारित पहचान पत्र भी ले जाना होगा। 20 सितंबर की परीक्षा को देखते हुए अभ्यर्थियों को अब रोजाना पढ़ाई के साथ पिछले प्रश्नपत्रों का अभ्यास, मॉक टेस्ट और समय प्रबंधन पर विशेष ध्यान देना चाहिए।