मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ: सपा-कांग्रेस में सीटों पर मंथन, अयोध्या-जनकपुर ट्रेन का शुभारंभ; UP के आज के बड़े इवेंट

UP Morning News Brief: यूपी में आज यानी 23 नवंबर को राजनीति, विकास, संस्कृति और मौसम से जुड़ी कई अहम गतिविधियां होंगी। सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर दिल्ली में बातचीत शुरू होगी।
UP Morning News Brief
प्रतीकात्मक फोटोसोर्स- AI
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • सपा-कांग्रेस के बीच दिल्ली में 403 सीटों पर बंटवारे को लेकर मंथन

  • अयोध्या-जनकपुरधाम ट्रेन सेवा का PM मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री करेंगे शुभारंभ

  • 12 राज्यों के 500 कलाकार जनजातीय उत्सव में दिखाएंगे संस्कृति की झलक

Ayodhya Janakpur Train Inauguration: उत्तर प्रदेश में आज यानी 23 नवंबर को राजनीति, विकास, संस्कृति और मौसम से जुड़ी कई अहम गतिविधियां होंगी। 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर दिल्ली में बातचीत शुरू होगी। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह अयोध्या-जनकपुरधाम ट्रेन सेवा का उद्घाटन करेंगे।

लखनऊ में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और सीएम योगी आदित्यनाथ कई विकास परियोजनाओं की सौगात दे सकते हैं। इसके अलावा राजधानी में जनजातीय संस्कृति का उत्सव शुरू होगा, जबकि पूर्वी यूपी में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है।

UP Morning News Brief
लखनऊ में 26 नवंबर को जुटेंगे कांग्रेस के दिग्गज, खड़गे करेंगे संविधान रक्षा मार्च की अगुआई

सपा-कांग्रेस में सीट शेयरिंग पर आज पहली बैठक

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन की रणनीति पर बातचीत शुरू होने जा रही है। सपा ने सीट बंटवारे के लिए चार सदस्यीय कमेटी बनाई है। वहीं कांग्रेस ने 5 सदस्यीय टीम बनाई है। दोनों दलों के नेताओं के बीच बातचीत का पहला दौर 23 और 24 नवंबर को दिल्ली में होगा। इसमें प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चर्चा की जाएगी।

विधानसभा चुनाव में सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस ने सपा को 181 विधानसभा सीटों की सूची सौंपी है, जिसमें सबसे अधिक जोर पश्चिमी यूपी में 68 सीटें पर दिया गया है। जबकि सपा ने जीतने वाले उम्मीदवार को टिकट देने का आधार बनाया है।

अयोध्या-जनकपुरधाम ट्रेन का मोदी और नेपाल के PM करेंगे उद्घाटन

भारत और नेपाल के धार्मिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को मजबूती देने के लिए 23 नवंबर को अयोध्या-जनकपुरधाम ट्रेन सेवा का शुभारंभ होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह नई दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संयुक्त रूप से ट्रेन सेवा का उद्घाटन करेंगे।

इस सेवा को दोनों देशों के बीच धार्मिक पर्यटन, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और आपसी सहयोग बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे अयोध्या और जनकपुर के बीच रामायण सर्किट को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

लखनऊ को मिलेगी विकास परियोजनाओं की सौगात

राजधानी लखनऊ के बुनियादी ढांचे और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 23 नवंबर को कई परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण प्रस्तावित है। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संयुक्त रूप से इन विकास कार्यों की सौगात देंगे। इनमें ग्रीन कॉरिडोर परियोजना के तीसरे चरण के तहत लामार्टीनियर कॉलेज से जी-20 रोड तक करीब 2300 मीटर लंबे फ्लाईओवर का निर्माण भी शामिल है।

लगभग 315 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह फ्लाईओवर गोमती नदी की ओर से आर्मी क्षेत्र के रास्ते गुजरेगा। इसके बनने से 1090 चौराहे से इकाना स्टेडियम, एयरपोर्ट और अयोध्या रोड की ओर आने-जाने में सहूलियत मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा आवासीय योजनाओं और बाढ़ से बचाव से जुड़े कार्यों की भी शुरुआत प्रस्तावित है।

लखनऊ में जनजातीय संस्कृति उत्सव, 12 राज्यों के 500 कलाकार दिखाएंगे हुनर

लखनऊ के गोमतीनगर स्थित यूपी दर्शन पार्क में 23 से 26 नवंबर तक जनजातीय गौरव पखवाड़ा और अंतरराष्ट्रीय जनजातीय भागीदारी उत्सव आयोजित किया जाएगा। लोकनायक बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर होने वाले इस आयोजन का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। इसमें 12 राज्यों के 500 से अधिक कलाकार पारंपरिक नृत्य, संगीत और वाद्ययंत्रों के जरिए अपनी संस्कृति प्रस्तुत करेंगे।

उद्घाटन के दिन 1090 चौराहे से सांस्कृतिक समागम यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें 250 कलाकार शामिल होंगे। 25 और 26 नवंबर को कजाकिस्तान, जिम्बाब्वे और मालदीव के कलाकार भी प्रस्तुतियां देंगे। आयोजन में 70 से अधिक हस्तशिल्प स्टॉल के साथ 'जेवनार' और 'देशी स्वाद' नाम से व्यंजन मेले भी लगाए जाएंगे। खास बात यह है कि उत्सव में प्रवेश पूरी तरह फ्री रहेगा।

पूर्वी यूपी में घने कोहरे का अलर्ट, यातायात पर पड़ सकता है असर

मौसम विभाग ने 23 नवंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में घना कोहरा छाने और मौसम में बदलाव की चेतावनी दी है। सुबह के समय विजिबिलिटी कम होने से सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है। वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। कोहरे के कारण ट्रेन और अन्य परिवहन सेवाओं के संचालन पर भी असर पड़ने की आशंका है।

UP Morning News Brief
आरोपी को 1 लाख रंगदारी दी, FIR में नाम गायब; कानपुर में भाजपा विधायक के PRO की FIR पर उठे सवाल