

भाजपा विधायक अभिजीत सिंह सांगा से रंगदारी मांगने का आरोप
विधायक के PRO की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज
FIR में आरोपी का नाम नहीं होने से उठे कई सवाल
MLA Abhijeet Singh Sanga PRO FIR: कानपुर में भाजपा विधायक अभिजीत सिंह सांगा के जनसंपर्क अधिकारी की शिकायत पर FIR दर्ज हुई है। शिकायत में कानपुर के एक संपादक पर एक लाख रुपए रंगदारी लेने और दोबारा मांगने का आरोप लगाया गया है। लेकिन FIR के आरोपी वाले कॉलम में संपादक का नाम और पता अज्ञात लिखा गया है।
अब इसी बात को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं कि जब शिकायत में आरोपी का पद बताया गया है, तो उनका नाम क्यों दर्ज नहीं किया गया। आरोपी अज्ञात था, तो पैसे किसे दिए गए। अगर दोबारा पैसे मांगने की बात थी, तो पहले शिकायत दर्ज क्यों नहीं कराई।
इसके अलावा सवाल यह भी है कि अगर विधायक ने कोई गलत काम नहीं किया, तो पैसे क्यों दिए। वहीं जिस अधिकारी को जांच दी गई, वह भी पहले विवादों रहे हैं। हालांकि इस मामले में न तो पुलिस का कोई बयान सामने आया है और न ही विधायक का।
20 नवंबर को रात 8:23 बजे पनकी थाने FIR दर्ज करवाई गई। जिसमें भाजपा विधायक अभिजीत सिंह सांगा के जनसंपर्क अधिकारी अमन सिंह ने मीडिया संस्थान का नाम बताते हुए आरोप लगाया कि संस्थान के संपादक उनसे लगातार एक लाख रुपए की मांग कर रहे थे।
आरोप है कि अक्टूबर 2026 में उन्होंने संपादक को एक लाख रुपए दिए थे। उस समय कथित तौर पर आश्वासन दिया गया था कि विधायक अभिजीत सिंह सांगा और बिठूर विधानसभा क्षेत्र के संबंध में बिना तथ्यों की पुष्टि के भ्रामक खबरें प्रसारित नहीं की जाएंगी।
अमन सिंह ने शिकायत में बताया कि इसके बाद फिर से पैसों की मांग की गई। दोबारा रकम देने से इनकार करने पर सोशल मीडिया पर विधायक और विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी खबरें और वीडियो प्रसारित किए जाने लगे।
शिकायत में मीडिया संस्थान के फेसबुक पेज पर प्रसारित एक वीडियो का भी जिक्र किया गया है। इसमें बिठूर विधानसभा क्षेत्र में सड़क और विकास कार्यों को लेकर टिप्पणी किए जाने की बात कही गई है।
अमन सिंह का आरोप है कि वीडियो में दिखाई गई सड़क और स्थान का बिठूर विधानसभा क्षेत्र से संबंध स्पष्ट नहीं है। इसके बावजूद विधायक का नाम जोड़कर खबरें प्रसारित की गईं। शिकायतकर्ता ने इसे विधायक की सार्वजनिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास बताया है।
FIR के मुताबिक, शिकायत में आरोपी के तौर पर संपादक का पद बताया गया, लेकिन नाम-पता अज्ञात दर्ज किया गया है। इसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(2) लगाई गई है। मामले की जांच उपनिरीक्षक अक्षय पंवार को सौंपी गई है।