

सीएम ने युवाओं से कहा तीन घंटे अपने लक्ष्य को दें समय
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो अराजकता फैलाएगा, उसे कुचलकर रौंद देंगे
50 हजार युवाओं को टैबलेट देकर योगी ने दिया सफलता का मंत्र
CM Yogi Tablets Distribution Gorakhpur Division : सीएम योगी ने शुक्रवार को गोरखपुर के चंपा देवी पार्क में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के अंतर्गत गोरखपुर मंडल के 50 हजार छात्र-छात्राओं और प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट वितरित किए।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं को तकनीक का सदुपयोग करते हुए अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि सरकार आपको टैबलेट उपलब्ध करा रही है। इसका इस्तेमाल आप अपने सपनों को पूरा करने में करें।
आप जिस भी क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहते हैं, उसके लिए प्रतिदिन कम से कम तीन घंटे जरूर दें। मुख्यमंत्री ने युवाओं से सरकार की ओर से संचालित विभिन्न इंटर्नशिप कार्यक्रमों से जुड़ने का भी आह्वान किया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में 18 नवंबर को समाजवादी पार्टी की पीडीए रथयात्रा के स्वागत के दौरान हुए हादसे का प्रमुखता से जिक्र किया। इस हादसे में जान गंवाने वाले 14 वर्षीय आर्यवर्धन सिंह का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि एक शहीद के परिवार के बच्चे को सपा के जुलूस ने कुचल दिया।
आर्यवर्धन चौरीचौरा क्रांति के दौरान शहीद हुए शिव पूजन सिंह के वंशज थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो अराजकता फैलाएगा, उसे कुचलकर रौंद देंगे, इसमें भी संदेह नहीं होना चाहिए।
उनका यह बयान हालिया हादसे के बाद सार्वजनिक कार्यक्रमों में अनुशासन और कानून व्यवस्था को लेकर सरकार के रुख के तौर पर सामने आया।
योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में रोजगार और भर्ती प्रक्रिया का जिक्र करते हुए कहा कि एक समय ऐसा था, जब उत्तर प्रदेश पहचान के संकट से जूझ रहा था। बेरोजगारी और गुंडागर्दी का अंबार था। न नौकरी थी, न रोजगार और न ही उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल।
उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में परिस्थितियां बदली हैं। सरकार युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए लगातार काम कर रही है। अगर कोई माफिया युवाओं के करियर के साथ खिलवाड़ करेगा तो हम उसका करियर बर्बाद कर देंगे। उसे आबाद नहीं होने दिया जाएगा।
सीएम ने ने पुलिस भर्ती और पेपर लीक के मामलों पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने बताया कि 32 हजार पुलिसकर्मियों की भर्ती पूरी हो चुकी है और अंतिम चरणों की प्रक्रिया चल रही है। पेपर लीक रोकने के लिए सरकार ने सख्त कानून बनाया है।
इसमें संलिप्त पाए जाने वालों को आजीवन कारावास और एक करोड़ रुपये के जुर्माने का प्रावधान है। ऐसे लोगों की पैतृक संपत्ति भी जब्त की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की कानून व्यवस्था में आए बदलाव को बताने के लिए HCL के एक कार्यक्रम का अनुभव साझा किया। सीएम ने बताया कि एक बार वहां काम करने वाले कर्मचारियों से उनकी बातचीत हुई थी।
एक कर्मचारी ने बताया कि वह रात दो बजे नाइट शिफ्ट खत्म करने के बाद लखनऊ और आसपास के जिलों में अपने घर चला जाता है।
इस पर मुख्यमंत्री ने पूछा कि क्या रात में पुलिस की ड्यूटी लगवा दी जाए? कर्मचारी ने जवाब दिया कि जब आप लखनऊ में बैठे हैं तो हमें डर कैसा है? योगी ने इस बातचीत के जरिए प्रदेश में सुरक्षा को लेकर लोगों के भरोसे का उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में हो रहे औद्योगिक और आधारभूत विकास की चर्चा करते हुए कहा कि आज भारत में सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग का काम हो रहा है। उत्तर प्रदेश में देश के सबसे अधिक एक्सप्रेसवे हैं।
उन्होंने गरीबों की जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों पर भी निशाना साधा और कहा कि जिन्होंने गरीब की जमीन पर कब्जा किया है, उनसे प्रदेश की जनता क्या उम्मीद करेंगे? मुख्यमंत्री का जोर युवाओं को तकनीक, कौशल और रोजगार के नए अवसरों से जोड़ने पर रहा।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि टैबलेट को केवल एक उपकरण न समझें, बल्कि इसे अपने भविष्य को बेहतर बनाने का माध्यम बनाएं। पढ़ाई के साथ अपनी रुचि के क्षेत्र में मेहनत करें और सरकार के इंटर्नशिप कार्यक्रमों से जुड़कर व्यावहारिक अनुभव हासिल करें।