Lucknow Fire Tragedy: CM योगी ने दिए प्रदेशभर में ‘फायर सेफ्टी ऑडिट’ के निर्देश, बेसमेंट में कोचिंग पर सख्ती
UP Government action: लखनऊ अग्निकांड के बाद CM योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशभर में फायर सेफ्टी ऑडिट अभियान के निर्देश दिए। बेसमेंट में कोचिंग पर रोक और सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य किया गया।
- Written By: करुणा नंद शाहवाल
योगी आदित्यनाथ (सोर्स-सोशल मीडिया)
Yogi Adityanath On Lucknow Fire Tragedy: लखनऊ के अलीगंज में हुए भीषण अग्निकांड के बाद उत्तर प्रदेश सरकार एक्शन मोड में आ गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना को प्रदेश के लिए बड़ा सबक बताते हुए स्पष्ट किया कि फायर सेफ्टी मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रदेशभर में मिशन मोड में व्यापक फायर सेफ्टी ऑडिट अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।
सीएम ने कहा कि अस्पतालों, कोचिंग संस्थानों, मॉल, नर्सिंग होम, सरकारी और व्यावसायिक भवनों की जांच कर सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बेसमेंट में कोचिंग या व्यावसायिक गतिविधियों पर रोक लगाने और सभी संस्थानों का पंजीकरण अनिवार्य करने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी विभागों को समन्वित प्रयास करने होंगे।
प्रदेशभर में चलेगा फायर सेफ्टी ऑडिट अभियान
मंगलवार को शासन स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यह अभियान पूरी तरह जनहित में संचालित किया जाएगा। पहले व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए, इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि अभियान के नाम पर किसी भी नागरिक का उत्पीड़न नहीं होना चाहिए।
सम्बंधित ख़बरें
पापा बचा लो, यहां आग लग गई है…पिता से बेटे की अंतिम पुकार, लखनऊ अग्निकांड की रुला देने वाली कहानी- VIDEO
लखनऊ अग्निकांड के बाद हरकत में आया प्रशासन, कानपुर के 22 कोचिंग सेंटरों पर हुई कार्रवाई; देखें- VIDEO
अगले साल आनी थी बारात, अब उठी अर्थी, लखनऊ अग्निकांड में नीलेश-अनामिका की प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत- VIDEO
लखनऊ अग्निकांड पर सोनू सूद का छलका दर्द, बोले- ‘ऐसी त्रासदी फिर कभी न हो’, पीड़ितों के लिए जताई संवेदना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिए कि प्रत्येक जनपद में विशेष टीम गठित कर फायर ऑडिट अभियान संचालित किया जाए। सभी कोचिंग संस्थानों का विधिवत पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए तथा व्यावसायिक भवनों में अग्निशमन विभाग से प्राप्त अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) भवन परिसर में स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया जाए।
बेसमेंट में कोचिंग संचालन पर सख्ती
सीएम ने कहा कि सुरक्षा मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भवन अथवा भूमि का उपयोग उसी उद्देश्य के अनुरूप होना चाहिए, जिसके लिए उसे स्वीकृति प्रदान की गई है। आवासीय भवनों में व्यावसायिक गतिविधियों का संचालन नहीं होना चाहिए तथा निर्धारित उपयोग के विपरीत किसी भी प्रकार की गतिविधि स्वीकार्य नहीं होगी।
उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि किसी भी परिस्थिति में बेसमेंट में कोचिंग अथवा अन्य व्यावसायिक गतिविधियों का संचालन न होने पाए। यदि बेसमेंट पार्किंग के लिए स्वीकृत है तो उसका उपयोग केवल पार्किंग के लिए ही किया जाए। मुख्यमंत्री ने व्यावसायिक भवनों के विद्युत भार (लोड) का आकलन कराने के भी निर्देश दिए।
नियमों का उल्लंघन होने पर कठोर कार्रवाई
उन्होंने कहा कि जहां विद्युत भार निर्धारित मानकों के विपरीत पाया जाए अथवा अन्य नियमों का उल्लंघन हो रहा हो, वहां तत्काल नियमानुसार कठोरतम कार्रवाई की जाए। बैठक में मुख्यमंत्री ने बीते दिनों लखनऊ में घटित आग लगने की दुर्घटना के संबंध में अपर मुख्य सचिव गृह, पुलिस महानिदेशक, महानिदेशक अग्निशमन सेवा, अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य तथा एसडीआरएफ के अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
एजेंसियों को रिस्पॉन्स टाइम पर कदम उठाने के निर्देश
तो वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद उन्होंने अग्निशमन दल, एम्बुलेंस और एसडीआरएफ की टीमों द्वारा किए गए राहत एवं बचाव कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपातकालीन सेवाओं का रिस्पॉन्स टाइम जितना कम होगा, संकट की परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्य उतने ही प्रभावी ढंग से संचालित किए जा सकेंगे।
उन्होंने सभी संबंधित एजेंसियों को अपने रिस्पॉन्स टाइम को और कम करने के लिए आवश्यक कदम उठाने तथा उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य ने बैठक में बताया कि घटना की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव कार्यों के लिए 14 एम्बुलेंस तत्काल मौके पर भेजी गई थीं।
प्रदेशभर में चलेगा फायर सेफ्टी ऑडिट अभियान
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेजों, सरकारी एवं निजी अस्पतालों तथा अन्य स्वास्थ्य संस्थानों की फायर सेफ्टी ऑडिट प्राथमिकता के आधार पर कराई जाए। उन्होंने हाल ही में नई दिल्ली में हुई अग्नि दुर्घटना का उल्लेख करते हुए प्रदेश में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि अग्निशमन विभाग को और अधिक सक्षम बनाने के लिए जिन आधुनिक उपकरणों, संसाधनों एवं तकनीकी सुविधाओं की आवश्यकता हो, उनकी उपलब्धता में किसी प्रकार का विलम्ब न किया जाए।
अतिरिक्त अग्निशमन केंद्र का निर्माण
तो वहीं बैठक में महानिदेशक अग्निशमन सेवा ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि प्रदेश की 350 तहसीलों में से 296 तहसीलों में 326 स्थायी अग्निशमन केंद्र संचालित हैं। 26 नए अग्निशमन केंद्र लोकार्पण के लिए तैयार हैं, जबकि 25 केंद्रों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसके अतिरिक्त 47 नए केंद्रों के लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन तैयार किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें- लखनऊ अग्निकांड के बाद हरकत में आया प्रशासन, कानपुर के 22 कोचिंग सेंटरों पर हुई कार्रवाई; देखें- VIDEO
जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है – योगी
बता दें कि मुख्यमंत्री ने शेष तहसीलों में भी अग्निशमन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्यवाही में तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन केवल कानूनी दायित्व नहीं, बल्कि मानव जीवन की सुरक्षा से जुड़ा विषय है। सभी विभाग समन्वित प्रयासों के साथ कार्य करते हुए प्रदेश में सुरक्षित एवं उत्तरदायी व्यवस्था सुनिश्चित करें।
