अवैध शराब पर सख्ती, हजारों मुकदमे और लाखों लीटर शराब जब्त; फिर भी यूपी की जनता ने पिए ₹20,862 करोड़ की शराब

Excise Revenue UP: उत्तर प्रदेश में वित्तीय वर्ष 2026-27 के पहले चार महीनों में आबकारी विभाग ने ₹20,862.42 करोड़ का रिकॉर्ड राजस्व अर्जित किया। जुलाई में राजस्व में 16% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
UP Excise Revenue Hits Record High as Liquor Sales Surge in First Four Months of FY 2026-27
उत्तर प्रदेश शराब बिक्री (सांकेतिक फोटो)
Updated on

Excise Revenue Uttar Pradesh: वित्तीय वर्ष 2026-27 के पहले चार महीने में उत्तर प्रदेश ने आबकारी राजस्व के मामले में रिकॉर्ड बनाया है। अकेले जुलाई महीने में बीते साल की इसी अवधि के मुकाबले 16 फीसदी अधिक आबकारी राजस्व मिला है। उत्तर प्रदेश के आबकारी एवं मद्य निषेध मंत्री नितिन अग्रवाल ने कहा कि विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में राजस्व प्राप्ति के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है।

विभाग ने विगत सभी रिकॉर्ड तोड़ते हुए प्रदेश के राजस्व में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा वर्तमान वित्तीय वर्ष 2026-27 में अप्रैल से जुलाई महीने तक 20,862.42 करोड़ रुपए राजस्व प्राप्त किया गया, जो कि गत वर्ष 2025-26 के इसी अवधि में प्राप्त राजस्व 18,583.19 करोड़ रुपए के सापेक्ष 12.27 फीसदी यानि कि 2,279.23 करोड़ रुपए अधिक है।

पहले तीन दिनों में अभी तक 273.87 करोड़ रुपए की राजस्व प्राप्ति

इसी प्रकार वित्तीय वर्ष 2026-27 के जुलाई महीने में 5,052.86 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त किया गया, जो कि गत वर्ष 2025-26 के इसी महीने में प्राप्त 4,354.28 करोड़ रुपए के राजस्व के सापेक्ष 16.04 फीसदी या 698.58 करोड़ रुपए अधिक है। वर्तमान वित्तीय वर्ष के इसी अगस्त महीने के पहले तीन दिनों में अभी तक 273.87 करोड़ रुपए की राजस्व प्राप्ति हुई है।

आबकारी विभाग ने गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में 57,722.26 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त किया, जो कि पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 में प्राप्त राजस्व 52,573.07 करोड़ रुपए के सापेक्ष 9.79 फीसदी अथवा 5,149.19 करोड़ रुपए अधिक था।

UP Excise Revenue Hits Record High as Liquor Sales Surge in First Four Months of FY 2026-27
योगी सरकार का बड़ा फैसला: वरिष्ठ महिलाओं को रोडवेज बसों में मिलेगी मुफ्त यात्रा, बजट में 100 करोड़ का प्रावधान

अवैध मदिरा के कारोबार पर लगी लगाम

आबकारी मंत्री ने बताया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष 2026-27 में अप्रैल से जून महीने तक अवैध शराब के विरूद्ध प्रभावी प्रवर्तन कार्यवाही करते हुए कुल 29,294 अभियोग दर्ज कर 9.01 लाख लीटर अवैध मदिरा/मादक द्रव्य बरामद की गयी। अवैध मदिरा के कारोबार में संलिप्त 4,673 व्यक्तियों को गिरफ्तार करते हुए 819 व्यक्तियों को जेल भेजा गया है एवं अवैध मदिरा की तस्करी में प्रयोग आने वाले 30 वाहनों को जब्त किया गया।

आबकारी मंत्री के मुताबिक बीते वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रदेश में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं तस्करी के कुल 1,19,001 अभियोग दर्ज करते हुए 31.16 लाख लीटर अवैध मदिरा/मादक द्रव्य बरामद की गयी। अवैध मदिरा के कारोबार में संलिप्त 21,401 व्यक्तियों को गिरफ्तार करते हुए 3,960 व्यक्तियों को जेल भेजा गया।

उन्होंने बताया कि आबकारी विभाग के राजस्व प्राप्ति में लगातार वृद्धि हो रही है और अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं तस्करी के विरुद्ध प्रभावी प्रवर्तन कार्यवाही की जा रही। प्रदेश सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में आबकारी विभाग के लिए 71,278 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्ति का लक्ष्य निर्धारित किया है।

Navbharat Live
navbharatlive.com