

योगी-पंकज चौधरी ने 209 उम्मीदवारों की लिस्ट को फर्जी बताया
भाजपा ने कहा- कोई सूची तैयार नहीं हुई
2027 चुनाव के लिए टिकट चयन प्रक्रिया अभी शुरू नहीं हुई
UP Election BJP Candidate: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भाजपा के 209 उम्मीदवारों की कथित सूची जारी होने की खबरों पर पार्टी ने सफाई दी है।
सीएम योगी आदित्यनाथ और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के साइन वाला प्रेसनोट जारी कर इन खबरों को गलत बताया है। पार्टी ने साफ कहा है कि 209 उम्मीदवारों की कोई सूची न तो तैयार की गई है और न ही केंद्रीय नेतृत्व को भेजी गई है।
भाजपा की ओर से 15 नवंबर को जारी बयान में कहा गया है कि पिछले कुछ दिनों से कुछ समाचार माध्यमों, लोगों और संस्थाओं की ओर से ऐसी खबरें चलाई जा रही हैं कि आगामी विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने 209 उम्मीदवारों की सूची तैयार कर ली है। यह सूची केंद्रीय नेतृत्व को भी भेज दी गई है।
पार्टी ने इन खबरों को पूरी तरह गलत और मनगढ़ंत बताया है। पार्टी ने कहा गया है कि भाजपा इस फर्जी खबर का पूरी तरह खंडन करती है।
भाजपा ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व की ओर से ऐसी कोई सूची नहीं बनाई गई है और न ही केंद्रीय नेतृत्व को भेजी गई है। पार्टी एक अनुशासित संगठन है। यूपी विधानसभा चुनाव या किसी दूसरे चुनाव में उम्मीदवारों को चुनने की एक तय प्रक्रिया है। यह प्रक्रिया पूरी तरह व्यवस्थित और लोकतांत्रिक तरीके से होती है। फिलहाल उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया शुरू भी नहीं हुई है।
पार्टी ने कहा कि इस तरह की खबरें फैलाने के पीछे कुछ लोगों का मकसद पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच भ्रम और डर का माहौल बनाना हो सकता है। भाजपा ने अपने सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम लोगों से अपील की है कि वे ऐसी भ्रामक खबरों पर भरोसा न करें।
पार्टी ने कहा कि किसी भी जानकारी को सही मानने से पहले उसकी पुष्टि करें और केवल भाजपा के आधिकारिक माध्यमों से जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें।