

अखिलेश यादव ने आगरा से 2027 चुनाव का बिगुल फूंका
PDA की नई परिभाषा बताई, बोले-D का मतलब 'दमदार दलित' है
किसानों की समस्या उठाई, जूता कारीगरों को ओवरटाइम देने का भरोसा
Samajwadi Party Dalit Sammelan: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को आगरा के जीआईसी मैदान से विधानसभा चुनाव 2027 का बिगुल फूंका। सम्मेलन में अखिलेश यादव ने दलित, पिछड़े, मजदूर, किसान और युवाओं को साधने की कोशिश की।
उन्होंने PDA की नई परिभाषा बताते हुए कहा कि अब D का मतलब 'दमदार दलित' है। दलित अब डरेगा नहीं, बल्कि अपने अधिकारों के लिए मजबूती से खड़ा होगा। उन्होंने नारा दिया, पलट देंगे अखिलेश, पलट देंगे आगरा वाले।
इसके साथ ही बिना नाम लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के 'अंगद का पैर' वाले बयान पर पलटवार करते हुए अखिलेश ने कहा कि जो लोग खुद को अंगद के पैर की तरह अडिग समझ रहे हैं, इस सम्मेलन के बाद उनके पैरों के नीचे से जमीन खिसक जाएगी। जब जमीन ही नहीं बचेगी तो पैर कहां रखेंगे?
अखिलेश यादव ने भाजपा पर दलित विरोधी होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जो भी भाजपा के साथ खड़ा है, वह दलितों के खिलाफ है। उन्होंने दावा किया कि 2024 में जो लोग हारे हैं, वे 2027 में भी हारेंगे। सपा सरकार बनने पर भाजपा को सत्ता से विदाई दी जाएगी।
दलित समाज को साधते हुए उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लोगों को आगे बढ़ाने के लिए विशेष पैकेज दिया जाएगा। महापुरुषों की प्रतिमाएं तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त सजा का कानून भी बनाया जाएगा।
युवाओं के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार खुद पेपर लीक करा रही है, क्योंकि परीक्षाएं होंगी तो नौकरियां देनी पड़ेंगी और आरक्षण भी देना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर युवाओं को रोजगार दिया जाएगा और सरकारी नौकरियों में खाली पद भरे जाएंगे।
आगरा के जूता कारोबार का जिक्र करते हुए अखिलेश ने कारीगरों को भरोसा दिलाया कि उनसे आठ घंटे से ज्यादा काम कराया गया तो ओवरटाइम का भुगतान सुनिश्चित कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि ठेकेदारी की वजह से कारीगर आर्थिक रूप से कमजोर हो रहे हैं। मजदूरों और कारीगरों को न्यूनतम मजदूरी के साथ ओवरटाइम का पैसा दिलाया जाएगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि Gen-Z और Gen-Alpha के युवा मौजूदा सरकार से नाराज हैं। उन्होंने लैपटॉप वितरण को समाजवादी सरकार की उपलब्धि बताते हुए कहा कि इस बार लाठी हारेगी और लैपटॉप जीतेगा। उन्होंने आगरा मेट्रो, एक्सप्रेसवे, इनर रिंग रोड और 100 व 108 एंबुलेंस सेवाओं का जिक्र करते हुए इन्हें सपा सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियां बताया। साथ ही कहा कि भाजपा सरकार ने पिछले दस वर्षों में आगरा के विकास के लिए कोई काम नहीं किया।
अखिलेश यादव ने आलू किसानों की परेशानी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि आगरा से कन्नौज तक आलू की अच्छी पैदावार होती है, लेकिन किसानों की समस्याएं सुनने वाला कोई नहीं है। सरकार किसानों का आलू नहीं खरीद रही है और किसान डीएपी खाद के लिए लंबी लाइनों में खड़े हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि डीएपी में भी PDA छिपा हुआ है, इसलिए सरकार इसे बांटने से डर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सपा सरकार बनने पर आलू किसानों की समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाएगा।
गृह मंत्री अमित शाह ने 30 अक्टूबर को लखनऊ में कहा था कि भाजपा सरकार 'अंगद का पैर' है, जिसे कोई हिला नहीं सकता। आगरा के सम्मेलन में अखिलेश यादव ने इसी बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन के बाद अंगद का पैर बताने वालों की जमीन खिसक जाएगी।
आगरा के जीआईसी मैदान से अखिलेश यादव ने दलित सम्मेलन के जरिए 2027 के चुनाव के लिए सियासी संदेश देने की कोशिश की। उनके भाषण में दलित सम्मान, PDA, रोजगार, किसान और विकास के मुद्दे प्रमुख रहे। अब देखना होगा कि उनका यह संदेश पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में कितना असर डालता है।