यूपी की जेलों से आठ बंदी फरार, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
सात बंदियों की आत्महत्या से जेल प्रशासन की निगरानी पर उठे सवाल
कंबल-कपड़ों की रस्सी बनाकर दीवार फांदी, जिम्मेदारों पर हुई कार्रवाई
Questions Raised Regarding Security Arrangements UP Jails: उत्तर प्रदेश की जेलों में सुरक्षा व्यवस्था और बंदियों की निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रदेश की अलग-अलग जेलों में बंदियों के फरार होने और आत्महत्या करने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। जनवरी से अब तक आठ बंदियों के जेल से भागने और सात बंदियों की आत्महत्या की घटनाओं ने जेलों की सुरक्षा व्यवस्था की खामियों को उजागर किया है।
हैरानी की बात यह है कि घटनाओं के बाद जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई के निर्देश तो दिए जाते हैं, लेकिन इसके बावजूद हालात में सुधार नजर नहीं आ रहा है।
जनवरी की शुरुआत में कन्नौज जिला जेल में डिंपी उर्फ शिवा और अंकित ने करीब 22 फीट ऊंची दीवार को कंबलों की रस्सी के सहारे पार कर फरार होने में सफलता हासिल कर ली थी। घटना के बाद जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों को निलंबित किया गया था।
इसके कुछ दिन बाद अयोध्या जिला जेल में शेर अली और सूरज उर्फ गोलू नाम के दो बंदी बैरक की खिड़की तोड़कर बाहर निकल गए। दोनों ने कंबलों और कपड़ों को जोड़कर रस्सी तैयार की और जेल की दीवार फांदकर फरार हो गए।
जेलों में सुरक्षा व्यवस्था के साथ बंदियों की निगरानी पर भी सवाल उठ रहे हैं। अलग-अलग महीनों में सात बंदियों की आत्महत्या की घटनाएं सामने आई हैं।
फरवरी में उरई जेल में पॉक्सो एक्ट के आरोपी मनोज कुमार ने फांसी लगाकर जान दे दी। अप्रैल में सुल्तानपुर जेल में नकछेद और प्रतापगढ़ जेल में दीपक उर्फ राहुल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई।
जुलाई में गोरखपुर जिला जेल में शौकत अफरोज ने आत्महत्या कर ली। वहीं, अक्टूबर में फिरोजाबाद जेल में जितेंद्र उर्फ करुआ की मौत हुई। नवंबर में लखनऊ जिला जेल में अवनीश जायसवाल और आदर्श कारागार में राजू उर्फ अब्बास ने आत्महत्या कर ली।
लखनऊ की जेलों में एक सप्ताह के भीतर दो बंदियों की आत्महत्या की घटनाओं ने निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। इन घटनाओं के बाद जेलों में सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा और निगरानी बढ़ाने की जरूरत महसूस की जा रही है।
डीजी जेल पीसी मीणा का कहना है कि घटनाओं में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। साथ ही जेलों की निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए हैं। उनका कहना है कि सुरक्षा के स्तर पर किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।