

झांसी में बॉयफ्रेंड से गर्लफ्रेंड के घर सुसाइड किया
दूसरी मंजिल पर बने कमरे में फंदे पर लटका मिला
गर्लफ्रेंड ने युवक की मौत से 1 घंटे पहले उसके भाई को फोन किया था
Jhansi Amrit Nigam Suicide: झांसी में प्रेम संबंध में सुसाइड का मामला सामने आया है। सीपरी बाजार थाना क्षेत्र में 27 साल के युवक का शव उसकी प्रेमिका के दूसरे मकान की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में मिला।
युवक का शव कमरे में पंखे से चुनरी के सहारे लटका हुआ था। उसकी मौत से करीब एक घंटे पहले युवती ने युवक के बड़े भाई को फोन कर बताया था कि वह फांसी लगाने जा रहा है।
परिजन मौके पर पहुंचे तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी कोशिश के बाद कमरे में पहुंचने पर युवक का शव मिला।
मृतक के चाचा ने युवती पर शादी का वादा करके आठ साल तक संबंध रखने, लाखों रुपये और महंगे उपहार लेने के आरोप लगाए हैं। परिवार ने सीपरी बाजार थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
सीपरी बाजार में ध्यानचंद स्टेडियम के सामने रहने वाला अमृत निगम हैंडवॉश और टॉयलेट क्लीनर बनाने का कारोबार करता था। इसके साथ ही वह घर पर बच्चों को ट्यूशन भी पढ़ाता था। परिवार में उसकी मां गीता और बड़ा भाई आशीष हैं। पिता का पहले ही निधन हो चुका है।
रविवार देर रात अमृत का शव घर से करीब 50 मीटर दूर एक मकान में मिला। यह मकान उसकी कथित प्रेमिका का बताया जा रहा है। मकान की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में उसका शव मिला।
मृतक के चाचा विजय निगम के मुताबिक, अमृत का ईशागढ़ की रहने वाली एक युवती से करीब आठ साल से लिव इन रिलेशनशिप था। अमृत उससे शादी करना चाहता था और उसने इस रिश्ते के बारे में परिवार को भी बता दिया था। परिवार के लोग भी दोनों की शादी के लिए तैयार थे।
चाचा का आरोप है कि युवती शादी की बात को लगातार टालती रही। उसने अमृत से लाखों रुपये और महंगे सामान लिए थे। करीब एक महीने पहले ही अमृत ने उसे लगभग एक लाख रुपये का मोबाइल दिलाया था। परिवार का कहना है कि इस रिश्ते को लेकर अमृत काफी समय से तनाव में था।
परिजनों के मुताबिक, रविवार रात अमृत की युवती से फोन पर बात हुई थी। इसके बाद वह घर से निकल गया। रात करीब 11 बजे युवती ने अमृत के बड़े भाई आशीष को फोन किया। उसने बताया कि अमृत फांसी लगाने जा रहा है और तुरंत मौके पर पहुंचने को कहा।
आशीष जब वहां पहुंचा तो दूसरी मंजिल के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज लगाने के बाद भी अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने खिड़की की तरफ से रास्ता बनाकर कमरे में रखी लोहे की अलमारी को गिराया और अंदर पहुंचे। वहां अमृत का शव मिला।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने युवक का मोबाइल फोन भी कब्जे में लिया है।
अमृत की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है। मां गीता बेटे को याद कर बार-बार बेसुध हो रही हैं। चाचा विजय निगम ने युवती को अमृत की मौत के लिए जिम्मेदार बताते हुए सीपरी बाजार थाने में शिकायत दी है।
झांसी पुलिस का कहना है कि परिवार की शिकायत और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।