

वृंदावन के होटल में रायपुर की 24 वर्षीय युवती मृत मिली
पिता के फोन के बाद होटल कर्मचारियों को घटना की जानकारी हुई
मौके से मिले सुसाइड नोट में रायपुर के युवक पर आरोप
Raipur girl Suicide in Vrindavan: मथुरा में वृंदावन के एक होटल में छत्तीसगढ़ की 24 वर्षीय युवती का शव मिलने से हड़कंप मच गया। युवती रायपुर की रहने वाली थी और 13 नवंबर से होटल में ठहरी हुई थी।
15 नवंबर को उसके पिता ने होटल के रिसेप्शन पर फोन कर बेटी से संपर्क नहीं हो पाने की जानकारी दी। इसके बाद होटल कर्मचारियों ने कमरे में जाकर जांच की तो युवती मृत मिली।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें रायपुर के एक युवक पर आरोप लगाए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, मामला कोतवाली वृंदावन के केशवधाम चौकी क्षेत्र का है। यहां स्थित होटल श्री राधा निकुंज में रायपुर निवासी करीब 24 वर्षीय युवती 13 नवंबर को पहुंची थी। उसने होटल में चेक-इन किया था और 16 नवंबर तक ठहरने की बुकिंग कराई थी।
15 नवंबर को युवती के पिता ने होटल के रिसेप्शन पर फोन किया। उन्होंने कर्मचारियों को बताया कि बेटी से संपर्क नहीं हो पा रहा है। इसके बाद होटल कर्मचारी युवती के कमरे पर पहुंचे। वहां युवती मृत मिली। कर्मचारियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही वृंदावन पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। मामले की जांच के लिए फील्ड यूनिट को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। इसी दौरान एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया।
क्षेत्राधिकारी वृंदावन संदीप कुमार ने बताया कि सुसाइड नोट में रायपुर (छत्तीसगढ़) निवासी आशीष ओझा नाम के युवक का जिक्र है। युवती ने उस पर आरोप लगाए हैं। पुलिस सुसाइड नोट में लिखी बातों की जांच कर रही है।
क्षेत्राधिकारी के मुताबिक, मथुरा पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया भी कराई जा रही है। फिलहाल युवती के सुसाइड की वजह सामने नहीं आई है।