

झांसी में सड़क किनारे खड़े डंपर से बाइक टकराने पर तीन दोस्तों की मौत
तीनों तालबेहट से शादी के कार्ड बांटकर झांसी लौट रहे थे
मृतक 15 वर्षीय राज की इकलौती बहन की शादी 25 नवंबर को होनी थी
Jhansi Three Friends Death: झांसी में तेज रफ्तार बाइक से तीन परिवारों की खुशियां उजाड़ गई। शादी के कार्ड बांटकर घर लौट रहे तीन दोस्त सड़क किनारे खड़े डंपर से टकरा गए। हादसे में तीनों की मौत हो गई। मृतकों में 15 वर्षीय राज भी शामिल था।
उसकी इकलौती बहन की शादी 25 नवंबर को होनी थी। परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था, लेकिन भाई की मौत की खबर ने खुशियों को मातम में बदल दिया।
हादसा प्रेमनगर थाना क्षेत्र के ललितपुर-रक्सा बाईपास पर दुर्गापुर के पास हुआ। पुलिया नंबर नौ निवासी 15 वर्षीय राज अपने दो दोस्तों 23 वर्षीय हर्ष और 23 वर्षीय आयुष के साथ तालबेहट शादी के कार्ड बांटने गया था। तीनों निमंत्रण पत्र बांटने के बाद बाइक से झांसी लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि दुर्गापुर के पास उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े डंपर के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस पहुंची। तीनों घायलों को इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे की खबर मिलते ही तीनों परिवारों में कोहराम मच गया। राज के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। उसकी इकलौती बहन की शादी 25 नवंबर को होनी थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। राज भी बहन की शादी के निमंत्रण पत्र बांटने गया था, लेकिन वापस घर नहीं लौट सका।
झांसी पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही हादसे की जांच शुरू कर दी है। एक ही हादसे में तीन दोस्तों की मौत से इलाके में शोक का माहौल है।