लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: अनियंत्रित होकर पलटी डबल डेकर AC बस, दरोगा और कैदी समेत 6 की मौत

Unnao Bus Accident: दिल्ली से बिहार जा रही एक तेज रफ्तार डबल डेकर एसी बस मंगलवार सुबह उन्नाव के पास लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर पलट गई। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई है।
unnao bus accident
लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर हुआ हादसा, फोटो- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Lucknow Agra Expressway Accident: दिल्ली से बिहार जा रही एक तेज रफ्तार डबल डेकर एसी बस मंगलवार सुबह उन्नाव के पास लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में एक दरोगा और एक कैदी समेत 6 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 15 अन्य यात्री घायल हुए हैं।

उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में मंगलवार तड़के एक हृदयविदारक सड़क हादसा हुआ। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर यात्रियों से भरी एक डबल डेकर एसी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। यह दुर्घटना औरास थाना क्षेत्र में किलोमीटर संख्या 262 के पास सुबह करीब 5 बजे हुई। हादसे के समय बस में करीब 30 यात्री सवार थे, जिनमें से अधिकांश गहरी नींद में थे।

नींद की झपकी बनी काल

पुलिस की शुरुआती जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस की रफ्तार काफी तेज थी। चालक को अचानक नींद की झपकी आने के कारण उसने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई और रेलिंग पर लटक गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई यात्री खिड़कियों से सीधे एक्सप्रेसवे के नीचे जा गिरे। इस दौरान एक यात्री का पैर कटकर शरीर से अलग हो गया।

मृतकों में बिहार के दरोगा और कैदी भी शामिल

इस भीषण हादसे में पांच लोगों की जान चली गई है। मृतकों में बिहार के सीवान पुलिस लाइन में तैनात दरोगा रामचंद्र राम (59) और गुरुग्राम निवासी कैदी छत्तरपाल सिंह तोमर (59) की पहचान हुई है। जानकारी के मुताबिक, सीवान पुलिस की टीम 24 मई को कैदी को गुरुग्राम कोर्ट में पेशी के लिए लेकर गई थी और वापस बिहार लौटते समय यह हादसा हुआ। अन्य तीन मृतकों की पहचान के प्रयास अभी जारी हैं।

क्‍या बोले डीएम घनश्‍याम मीणा

डीएम घनश्याम मीणा ने बताया कि अभी तक कुल 6 लोगों की मौत हुई है। पांच की तो घटनास्थल पर ही हो गई थी और एक की मौत इलाज के दौरान हुई है। घायलों में चार लोगों को मेडिकल कॉलेज लखनऊ भेज दिया गया है। मृतकों के परिजनों को सूचित किया गया है।

राहत बचाव कार्य जारी

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, जिसके बाद स्थानीय पुलिस ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस ने क्रेन बुलाकर बस को रास्ते से हटवाया और यातायात सुचारू कराया। इस घटना में 3 पुलिसकर्मियों समेत कुल 15 लोग घायल हुए हैं। घायलों को पहले औरास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया गया, जहाँ से गंभीर रूप से घायल यात्रियों को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर और जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

Navbharat Live
navbharatlive.com