थाने लाए गए दो सगे भाई, सरकारी पिस्टल से अचानक चली गोली, मजदूर घायल, दो पुलिसकर्मी सस्पेंड

Lalitpur News: सरकारी पिस्टल से अचानक गोली चलने से एक मजदूर घायल हो गया। घटना के बाद थाने में अफरा-तफरी मच गई, घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
government-issued pistol fired Worker injured
गोली चलने से घायल मजदूर (सोर्स: नवभारत लाइव)
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • थाने लाए गए थे दोनों भाई

  • असलहे की जांच के दौरान अचानक चली गोली

  • घायल ने कहा- बस मेरा इलाज हो जाए

Government-Issued Pistol Shot Fired: उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में पुलिस थाने के भीतर सरकारी पिस्टल से अचानक गोली चलने का मामला सामने आया है। जाखलौन थाने में हुई इस घटना में एक मजदूर घायल हो गया, गोली फर्श से टकराकर उछली और राजाराम के बाएं पैर में और हाथ में कोहनी के ऊपर जा लगी। घटना के बाद थाने में अफरा-तफरी मच गई, घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है। मामले में लापरवाही के आरोप में हेड कांस्टेबल नईम और आरक्षी राज को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है,दोनों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।

government-issued pistol fired Worker injured
गाजियाबाद GRP थाने में नाबालिग की बेरहमी से पिटाई, यात्री ने बनाया VIDEO; वायरल होने पर सिपाही लाइन हाजिर

मकान के विवाद में थाने पहुंचे थे दोनों भाई

अपर पुलिस अधीक्षक के मुताबिक, जाखलौन कस्बे में मकान के निर्माण को लेकर दो सगे भाइयों के बीच विवाद हुआ था, इसके बाद उपनिरीक्षक दोनों भाइयों को निरोधात्मक कार्रवाई के लिए थाने लेकर आए थे। इसी दौरान थाने के मालखाने के चार्ज का आदान-प्रदान किया जा रहा था। तभी सरकारी पिस्टल से अचानक गोली चल गई, गोली फर्श से टकराकर उछली और वहां मौजूद राजाराम को जा लगी, घटना के बाद घायल को अस्पताल पहुंचाया गया।

घायल मजदूर बोला- गोली लगने के बाद खून से लथपथ पड़ा रहा

घायल राजाराम ने घटना को लेकर अपनी आपबीती भी बताई। उसके मुताबिक, घर में भाई के साथ विवाद होने के बाद पुलिसकर्मी उसे थाने ले आए थे। थाने में दोनों भाई बैठे हुए थे, तभी पुलिसकर्मी वहां रखे असलहे की जांच कर रहे थे। इसी दौरान अचानक गोली चल गई और वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।

राजाराम का आरोप है कि गोली लगने के बाद वह खून से लथपथ हालत में पड़ा रहा। उसके मुताबिक, शुरुआत में कोई पुलिसकर्मी उसे उठाने नहीं आया और वहां मौजूद लोग बाहर चले गए। कुछ देर बाद उसका भाई और पुलिसकर्मी उसे गाड़ी से अस्पताल लेकर पहुंचे। इस दौरान वह बेहोश भी हो गया था।

government-issued pistol fired Worker injured
Shiva Sharma Death Case: 10 की न्यायिक हिरासत के बाद श्रद्धा दुबे को झटका, कोर्ट ने खारिज की जमानत अर्जी

‘मैं मजदूर आदमी हूं, बस मेरा इलाज हो जाए’

घायल राजाराम की बातों में दर्द और परिवार को लेकर चिंता साफ नजर आई, उसने कहा कि वह एक मजदूर व्यक्ति है और उसे फिलहाल अपने इलाज की चिंता है। राजाराम के मुताबिक, वह कोई कार्रवाई नहीं चाहता, बस उसका इलाज हो जाए। उसने चिंता जताते हुए कहा कि अगर उसे कुछ हो गया, तो उसके परिवार में कोई नहीं है।

लापरवाही पर दो पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज

थाने के भीतर सरकारी पिस्टल से गोली चलने की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार वाजपेयी ने लापरवाही के आरोप में हेड कांस्टेबल नईम और आरक्षी राज को निलंबित कर दिया है, दोनों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्ट: आकाश साहू

Navbharat Live
navbharatlive.com