झांसी में 15 लाख की लूट का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में चालक समेत दो गिरफ्तार, दोनों के पैर में लगी गोली

Jhansi 15 Lakh Robbery Case Solved: आरोपी चालक-बच्चे समेत फरार हो गए थे। पुलिस चेकिंग में बच्चा सकुशल मिला, लेकिन चालक 15 लाख रुपये नकद और अनुराग की पत्नी का मोबाइल फोन लेकर फरार हो चुका था।
jhansi robbery case encounter
पुलिस मुठभेड़ में घायल आरोपी(सोर्स: नवभारत लाइव)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • पेट्रोल पंप पर पत्नी के साथ बाथरूम गए व्यापारी की स्कॉर्पियो लेकर फरार हुआ था चालक

  • गाड़ी में मौजूद छह साल के बच्चे को छोड़कर भागा था आरोपी

  • 50 हजार नकद और करीब 1.60 लाख के सोने के आभूषण बरामद

Jhansi Police Encounter Two Accused Arrested: झांसी के गुरसराय थाना क्षेत्र में हुई 15 लाख रुपये की लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। गुरसराय पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरोपी चालक आशीष अवस्थी और उसके साथी विशाल शर्मा को गिरफ्तार किया गया है। मुठभेड़ में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उनके कब्जे से 50 हजार 270 रुपये नकद, करीब 1.60 लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण, दो अवैध तमंचे, कारतूस और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, 10 नवंबर 2026 को झांसी निवासी अनुराग सिंह अपनी पत्नी और छह वर्षीय बेटे सार्थक के साथ स्कॉर्पियो से गुरसराय थाना क्षेत्र के एरच रोड स्थित पेट्रोल पंप पर डीजल डलवाने पहुंचे थे। इस दौरान अनुराग सिंह अपनी पत्नी के साथ बाथरूम चले गए। गाड़ी में उनका छह वर्षीय बेटा और चालक आशीष अवस्थी मौजूद थे। आरोप है कि इसी दौरान चालक बच्चे समेत स्कॉर्पियो लेकर फरार हो गया।

आरोपियों को पकड़ने के लिए लगी थी चार टीमें

सूचना मिलते ही पुलिस ने चेकिंग शुरू की। कुछ देर बाद मोंठ थाना क्षेत्र में कुम्हरार पुल के पास सर्विस रोड पर स्कॉर्पियो खड़ी मिली। गाड़ी में बच्चा सार्थक सकुशल था, लेकिन चालक 15 लाख रुपये नकद और अनुराग की पत्नी का मोबाइल फोन लेकर फरार हो चुका था। पुलिस ने बच्चे और गाड़ी को परिजनों के सुपुर्द कर दिया था।

मामले के खुलासे के लिए एसएसपी विकास कुमार के निर्देशन में चार पुलिस टीमों का गठन किया गया था। 21 और 22 नवंबर की मध्यरात्रि में पुलिस को सूचना मिली कि वांछित चालक आशीष अपने साथी विशाल के साथ मोटरसाइकिल से जा रहा है। इसके बाद गुरसराय पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने ग्राम अड़जरा से आगे सोलर पावर प्लांट गैस गोदाम जाने वाले रास्ते पर घेराबंदी की।

jhansi robbery case encounter
आजमगढ़ में पुलिस और गोतस्करों में मुठभेड़, सरेंडर करने को कहने पर की फायरिंग, 4 गिरफ्तार

जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने पैर में मारी गोली

झांसी पुलिस के अनुसार, इस दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से कुल 50,270 रुपये नकद, सोने की दो चेन और कान के दो टॉप्स बरामद किए हैं। इसके अलावा दो तमंचे .315 बोर, दो जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस, चार मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।

आरोपियों के खिलाफ कई धाराओं में कई मुकदमे दर्ज

गिरफ्तार आरोपी आशीष अवस्थी मूल रूप से छतरपुर का रहने वाला है और वर्तमान में झांसी में रह रहा था। वहीं दूसरा आरोपी विशाल शर्मा लखनऊ का निवासी है। पुलिस के मुताबिक, विशाल के खिलाफ लखनऊ, कानपुर, रायबरेली और अयोध्या समेत विभिन्न जिलों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

jhansi robbery case encounter
गोकशी की सूचना पर बजरंग दल का हंगामा; मौके से पकड़ा गया एक आरोपी, तीन की तलाश में पुलिस टीम गठित