

प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने 2027 विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंका
खलीलाबाद में संगठनात्मक बैठक कर बूथ मजबूती, SSR अभियान पर दिया जोर
कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनावी तैयारी में जुटने का किया आह्वान
BJP State President Reached Sant kabeer Nagar : उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 की सियासी सरगर्मी के बीच भाजपा ने संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी संतकबीरनगर पहुंचे।
यहां खलीलाबाद विधानसभा क्षेत्र में उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में संगठन की जमीनी मजबूती, बूथ एवं मंडल स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और एसएसआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) अभियान को प्रभावी बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई।
पंकज चौधरी ने कार्यकर्ताओं में उत्साह भरते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि भाजपा का लक्ष्य 2027 में एक बार फिर प्रदेश में सरकार बनाना है। उन्होंने कहा कि हर कार्यकर्ता जुटा है लेकर यही विचार, 2027 में फिर भाजपा सरकार।
प्रदेश अध्यक्ष ने संगठन की चुनावी तैयारियों में बूथ स्तर की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। पंकज चौधरी ने कहा कि चुनाव में संगठन की असली ताकत उसका कार्यकर्ता होता है। मंडल से लेकर बूथ तक प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी समझे और पूरी सक्रियता के साथ उसका निर्वहन करे।
एसएसआर अभियान को लेकर भी उन्होंने विशेष गंभीरता बरतने की बात कही। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण से जुड़े कार्यों को प्रभावी ढंग से पूरा कराने और कार्यकर्ताओं को इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने पर जोर दिया।
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कार्यकर्ताओं के उत्साह और संगठन के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता तपस्वी, तेजस्वी और ओजस्वी होता है। वह पूरी निष्ठा और मनोयोग से संगठन के लिए काम करता है।
यही कार्यकर्ता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने भरोसा जताया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और एकजुटता के बल पर भाजपा 2027 में जीत की हैट्रिक लगाएगी।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। भाजपा नेतृत्व का जोर केवल बड़े राजनीतिक कार्यक्रमों तक सीमित रहने के बजाय बूथ स्तर पर संगठन की पकड़ मजबूत करने पर भी है। संतकबीरनगर में हुई यह बैठक इसी चुनावी रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है।