

अखिलेश के दौरे से पहले बैठक में सपा के दो नेता भिड़े
पोस्टर में फोटो नहीं होने पर शुरू हुई बहस
हाथापाई तक पहुंचा मामला, नेताओं ने बीच-बचाव कराया
Gorakhpur SP meeting controversy: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी अपनी सियासी जमीन मजबूत करने में जुटी है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव संगठन को एकजुट करने और नेताओं को साथ लेकर चलने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन गोरखपुर में पार्टी के भीतर की खींचतान खत्म होने का नाम नहीं ले रही।
18 नवंबर को अखिलेश यादव के चौरीचौरा आगमन से पहले ही सपा के दो नेताओं के बीच विवाद सामने आ गया। रविवार को आयोजित बैठक में निवर्तमान जिलाध्यक्ष बृजेश गौतम और पूर्व महानगर अध्यक्ष जफर अमीन डक्कू के बीच तीखी कहासुनी हो गई।
मामला इतना बढ़ा कि हाथापाई की नौबत आ गई। हालांकि, दूसरे नेताओं ने बीच-बचाव कर स्थिति संभाल ली।
दरअसल, 18 नवंबर को अखिलेश यादव चौरीचौरा में अजय कुमार सिंह टप्पू के भाई स्वर्गीय विनय कुमार सिंह बीनू की दसवीं पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसी की तैयारियों और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी तय करने के लिए रविवार को बैठक बुलाई गई थी।
इसमें दोनों नेता भी पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के होर्डिंग और पोस्टर में बृजेश गौतम की फोटो नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी जताई और इसे दलित समाज के अपमान से जोड़ दिया। इस पर जफर रमीन डक्कू ने उनकी नाराजगी पर सवाल उठाया। देखते ही देखते बहस बढ़ गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
दोनों नेताओं ने विवाद को लेकर अपनी-अपनी बात रखी है। जफर अमीन डक्कू का कहना है कि उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम का प्रभारी बनाया गया है और वह उसी जिम्मेदारी के तहत काम कर रहे हैं। वहीं, बृजेश गौतम का कहना है कि बैठक में उन्हें 'तुम' कहकर संबोधित किया गया, जिससे बात बिगड़ी।
गोरखपुर में दोनों नेताओं के बीच पहले भी कई बार मतभेद सामने आ चुके हैं। जमीन विवाद में जफर अमीन डक्कू के जेल जाने के बाद उनकी एक चिट्ठी सामने आई थी, जिसमें उन्होंने बृजेश गौतम के जेल में उनसे मिलने नहीं आने पर नाराजगी जताई थी। हाल में कैंपियरगंज में सपा नेता साधु यादव और बृजेश गौतम के बीच भी विवाद सामने आया था।
गोरखपुर पूर्वांचल की राजनीति का महत्वपूर्ण केंद्र है। ऐसे में अखिलेश यादव के दौरे से पहले सामने आया यह विवाद संगठनात्मक एकजुटता पर सवाल खड़े करता है। अब निगाहें 18 नवंबर के दौरे पर हैं। क्या अखिलेश यादव स्थानीय नेताओं के बीच समन्वय बनाने और कार्यकर्ताओं को एकजुट रहने का संदेश देंगे? यह दौरा जनसभा के साथ-साथ स्थानीय संगठन की स्थिति के लिहाज से भी महत्वपूर्ण रहने वाला है।