

यूपी के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय का सीएम योगी ने किया शिलान्यास
280 करोड़ पौधरोपण का जिक्र कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश
मासूम की मौत पर भड़के मुख्यमंत्री; बोले- ऐसी कार्रवाई होगी कि आने वाली पीढ़ियां भी याद रखेंगी
Yogi Adityanath Mafias to Be Crushed: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखपुर के कैंपियरगंज में विकास और कानून-व्यवस्था, दोनों मोर्चों पर अपनी सरकार का संदेश दिया। उत्तर प्रदेश के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय के शिलान्यास समारोह में पहुंचे मुख्यमंत्री ने जहां पर्यावरण संरक्षण को भारतीय संस्कृति और ऋषि-मुनियों की परंपरा से जोड़कर अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं, वहीं अखिलेश यादव के बुधवार को हुए गोरखपुर दौरे के दौरान मासूम की मौत के मामले में बेहद सख्त तेवर दिखाए।
मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि सड़कों पर माफियागिरी करने वालों को फिर मिट्टी में मिला देंगे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मिलने और आरोपियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई करने की बात कही, जिसे उनकी आने वाली पीढ़ियां भी याद रखें।
विश्वविद्यालय के शिलान्यास के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमारी सरकार का लक्ष्य है कि तुष्टीकरण किसी का न हो और संतुष्टीकरण सबका हो। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का पहला वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय आज की आवश्यकता है। भारत ऋषि-मुनियों की परंपरा में विश्वास रखने वाला देश है। हमारी प्राचीन परंपरा हमें सिखाती है कि धरती हमारी माता है और हम सब इसके पुत्र हैं। इसलिए प्रकृति और पर्यावरण का संरक्षण हमारी जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश सरकार ने 280 करोड़ पौधों का रोपण कर एक कीर्तिमान स्थापित किया है। वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे शिक्षा, शोध, कृषि, बागवानी और पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा मिलेगी।
जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को अखिलेश यादव के गोरखपुर दौरे के दौरान हुए हादसे का जिक्र करते हुए समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आखिर उस मासूम की क्या गलती थी, जिसकी सड़क पर निर्मम हत्या कर दी गई? मुख्यमंत्री ने कहा कि बेशर्मी की हद है कि इतनी बड़ी घटना के बाद भी समाजवादी पार्टी की तरफ से पीड़ित परिवार के लिए संवेदना के दो शब्द तक नहीं आए।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार गुंडों और माफियाओं को सीधा करने का काम कर रही है। सड़कों पर अराजकता और माफियागिरी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे तत्वों पर फिर से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह स्वयं आज शाम मासूम के घर जाकर परिवार से मुलाकात करेंगे और अपनी शोक संवेदना व्यक्त करेंगे। उन्होंने बताया कि प्रशासन को भी स्पष्ट निर्देश दे दिए गए हैं कि दोषियों और माफिया तत्वों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई की जाए, जिसे उनकी आने वाली पीढ़ियां भी याद रखें।
कैंपियरगंज की धरती से मुख्यमंत्री का यह बयान केवल एक हादसे पर प्रतिक्रिया नहीं, बल्कि कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार के सख्त रुख का संदेश भी रहा। एक तरफ प्रदेश के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय की आधारशिला रखकर विकास और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प सामने रखा गया, तो दूसरी तरफ मासूम की मौत के मामले में मुख्यमंत्री ने माफियाओं को लेकर अपने पुराने सख्त तेवर फिर जाहिर कर दिए।