

उदयभान करवरिया की बेटी साक्षी की कंदर्प तिवारी से सगाई
मठ और हाता परिवार की रिश्तेदारी बनी सियासी चर्चा का विषय
2027 विधानसभा चुनाव के बाद होगी दोनों की शादी
Family Ties Become Subject Political Discussion UP : उत्तर प्रदेश की राजनीति में परिवारों के रिश्ते कभी-कभी सियासी चर्चाओं को भी नई दिशा दे देते हैं। प्रयागराज के पूर्व विधायक उदयभान करवरिया की छोटी बेटी साक्षी करवरिया और गोरखपुर के चिल्लूपार से पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी के बेटे कंदर्प शंकर तिवारी की सगाई ने ऐसा ही एक नया विमर्श खड़ा कर दिया है।
देहरादून में एक निजी पारिवारिक समारोह में दोनों की सगाई संपन्न हुई। समारोह में उदयभान करवरिया और विनय शंकर तिवारी अपने परिवार के साथ मौजूद रहे। दोनों की शादी 2027 के विधानसभा चुनाव के बाद होगी।
यह रिश्ता इसलिए भी राजनीतिक नजरिये से चर्चा में है, क्योंकि दोनों परिवारों की अपनी अलग-अलग राजनीतिक पहचान और प्रभाव का इतिहास रहा है। एक परिवार का जुड़ाव भाजपा की राजनीति से रहा है तो दूसरे परिवार की पहचान सपा और बसपा की सियासत से जुड़ी रही है।
उदयभान करवरिया को प्रयागराज की राजनीति में प्रभावशाली चेहरे के रूप में जाना जाता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ उनके अच्छे संबंध होने की चर्चा भी राजनीतिक हलकों में होती रही है।
जुलाई 2024 में उनकी शेष सजा माफ होने और जेल से रिहाई के बाद उनके समर्थकों ने योगी सरकार के प्रति आभार भी जताया था। ऐसे में उनकी बेटी का रिश्ता गोरखपुर के उस परिवार में होना, जिसकी राजनीतिक पहचान गोरक्षपीठ के समानांतर हाता परिवार के प्रभाव से जुड़ी रही है, अपने आप में दिलचस्प है।
गोरखपुर में स्वर्गीय हरिशंकर तिवारी का परिवार दशकों से अपनी अलग राजनीतिक पहचान रखता है। चिल्लूपार की राजनीति से लेकर पूर्वांचल के प्रभावशाली राजनीतिक समीकरणों तक हाता परिवार की भूमिका चर्चा में रही है। विनय शंकर तिवारी ने भी विधायक के रूप में अपनी राजनीतिक पारी सपा और बसपा के साथ पूरी की है।
वहीं, गोरक्षपीठ और हाता परिवार के बीच राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता का इतिहास भी किसी से छिपा नहीं है। ऐसे में उदयभान करवरिया और तिवारी परिवार के बीच यह पारिवारिक रिश्ता राजनीतिक चर्चाओं को स्वाभाविक रूप से हवा दे रहा है।
हालांकि इस रिश्ते को सीधे तौर पर भाजपा और सपा के बीच किसी राजनीतिक समझौते के रूप में देखना जल्दबाजी होगी। दोनों परिवारों का यह निजी फैसला है, लेकिन इसके राजनीतिक मायने तलाशे जाने लगे हैं। खासकर तब, जब उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियां धीरे-धीरे तेज हो रही हैं।
यह दिलचस्प होगा कि दो प्रभावशाली राजनीतिक परिवारों के बीच बना यह रिश्ता भविष्य में केवल पारिवारिक संबंधों तक सीमित रहता है या पूर्वांचल और प्रयागराज की सियासत में भी कोई नया संवाद पैदा करता है। फिलहाल इतना तय है कि यह सगाई सामाजिक रिश्ते के साथ-साथ राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा का विषय बन गई है।