

गोरखनाथ मंदिर में सीएम योगी का जनता दर्शन कार्यक्रम
सीएम योगी ने 125 लोगों से मुलाकात कर समस्याएं सुनीं
इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगने वालों को भरोसा दिया
Gorakhpur Janata Darshan: सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में जनता दर्शन कर 125 लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनशिकायतों का संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए।
फरियादियों को भरोसा दिलाते हुए सीएम ने कहा कि चिंता मत करिए। सरकार हर समस्या पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कराएगी।
जनता दर्शन का आयोजन गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने किया गया। यहां कुर्सियों पर बैठे फरियादियों के पास सीएम खुद पहुंचे। उन्होंने एक-एक कर लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके प्रार्थना पत्र लिए। इसके बाद मौके पर मौजूद अधिकारियों को शिकायतों के समाधान के लिए जरूरी निर्देश दिए।
सीएम ने संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए कहा कि हर शिकायत का गंभीरता से संज्ञान लिया जाए। निस्तारण में किसी तरह की लापरवाही न हो और पीड़ित को कार्रवाई से संतुष्टि मिलनी चाहिए।
जनता दर्शन में कुछ लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर भी पहुंचे थे। सीएम ने उन्हें आश्वस्त किया कि धन की कमी के कारण किसी का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जरूरतमंद मरीजों के उच्चस्तरीय इलाज का एस्टीमेट जल्द तैयार कराकर उपलब्ध कराया जाए। एस्टीमेट मिलते ही सरकार की ओर से इलाज के लिए धनराशि जारी की जाएगी।
जनता दर्शन में कुछ महिलाएं अपने बच्चों के साथ पहुंची थीं। सीएम ने बच्चों से बातचीत की और उन्हें प्यार-दुलार के साथ आशीर्वाद दिया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को चॉकलेट भी दीं।
सीएम योगी ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। शिकायतों पर केवल कागजी कार्रवाई करने के बजाय उनकी वास्तविक स्थिति की जांच कर प्रभावी कार्रवाई की जाए।