

सीएम योगी आदित्यनाथ ने पूरी कर गोरखपुर में स्व-गणना की प्रक्रिया
मुख्यमंत्री की यह पहल जनगणना अभियान के प्रति लोगों को जागरूक करने की दिशा में महत्वपूर्ण
सीएम की अपील, जनगणना सिर्फ आबादी का आंकड़ा नहीं, विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश की योजनाओं का बनेगी आधारशिला
CM Yogi Appeals For Census Participation: उत्तर प्रदेश में जनगणना-2027 की तैयारियों के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखपुर में स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी कर प्रदेशवासियों को इस राष्ट्रीय अभियान में भागीदारी का संदेश दिया। अपने दो दिवसीय गोरखपुर दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री ने गोरखनाथ मंदिर में निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपनी स्व-गणना की। इस दौरान गोरखपुर के जिलाधिकारी दीपक मीणा समेत प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री की इस पहल को जनगणना अभियान के प्रति लोगों को जागरूक करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्व-गणना पूरी करने के बाद प्रदेशवासियों से अपील की कि वे जनगणना-2027 में उत्साहपूर्वक हिस्सा लें और अपनी जानकारी सही तरीके से उपलब्ध कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना महज देश की आबादी का आंकड़ा जुटाने की कवायद नहीं है, बल्कि यह देश के भविष्य की योजनाओं को आकार देने वाला महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है।
सीएम योगी के मुताबिक, जनगणना के माध्यम से सरकार को समाज की वास्तविक परिस्थितियों, नागरिकों की आवश्यकताओं और उनकी आकांक्षाओं को समझने में मदद मिलती है। इसी आधार पर विकास की योजनाओं को अधिक प्रभावी और जरूरतों के अनुरूप तैयार किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने जनगणना को विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प से जोड़ते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता इस अभियान को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाएगी। सही और प्रमाणिक आंकड़े शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी सुविधाओं और सामाजिक विकास से जुड़ी नीतियों को बेहतर दिशा देने में सहायक होते हैं।
गोरखनाथ मंदिर से स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी कर मुख्यमंत्री ने प्रदेश में जनगणना अभियान के लिए नागरिकों के बीच सकारात्मक संदेश देने की कोशिश की है। अब प्रशासन के सामने इस अभियान को आमजन तक पहुंचाने और लोगों को स्व-गणना के प्रति जागरूक करने की चुनौती होगी। मुख्यमंत्री की अपील का संदेश साफ है कि जनगणना केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का राष्ट्रीय दायित्व है। इसमें सक्रिय भागीदारी से ही विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश के लक्ष्य को मजबूती मिल सकती है।