योगी के गढ़ में अखिलेश की सेंध? गोरक्षपीठ के करीबी परिवार की सपा में एंट्री की चर्चा

Tappu Singh Samajwadi Party Joining: अजय कुमार सिंह ने 2022 में चौरीचौरा से निर्दलीय चुनाव लड़कर करीब 30 हजार वोट पाए थे, अब अखिलेश के साथ जाने की चर्चा है।
Tappu Singh Samajwadi Party Joining
सीएम योगी, अजय कुमार, अखिलेश यादव(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • 18 नवंबर को अखिलेश यादव गोरखपुर के देवकही गांव पहुंचेंगे

  • गोरक्षपीठ के करीबी अजय कुमार सिंह के सपा में शामिल होने की चर्चा

  • 2022 में चौरीचौरा से निर्दलीय चुनाव लड़कर करीब 30 हजार वोट पाए थे

Akhilesh Yadav Gorakhpur Visit: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे करीब आ रहा है, वैसे-वैसे सियासी समीकरण बदलने लगे हैं। चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी के बीच नेताओं का एक दल से दूसरे दल में जाना भी तेज हो रहा है। कोई राजनीतिक भविष्य तलाश रहा है, तो कोई टिकट की दावेदारी को मजबूत करने में जुटा है।

इस बदलते सियासी दौर में सीएम योगी आदित्यनाथ के गृह जिले गोरखपुर से एक ऐसा घटनाक्रम सामने आ रहा है, जो पूर्वांचल की राजनीति में नई चर्चा छेड़ सकता है। कभी गोरक्षपीठ के बेहद करीबी माने जाने वाले अजय कुमार सिंह टप्पू का परिवार अब समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ मंच साझा करता नजर आ सकता है।

18 नवंबर को अखिलेश का चौरीचौरा दौरा

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 18 नवंबर को गोरखपुर की चौरीचौरा विधानसभा के देवकही गांव पहुंचेंगे। जारी मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के मुताबिक, वह अमर शहीद बंधु सिंह की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके साथ ही बंधु सिंह के वंशज अजय कुमार सिंह 'टप्पू' के बड़े भाई स्वर्गीय विनय कुमार सिंह 'बिन्नु' के दसवें स्मृति दिवस कार्यक्रम में शामिल होकर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। सियासी गलियारों में चर्चा है कि इसी कार्यक्रम के दौरान टप्पू सिंह समाजवादी पार्टी का दामन थाम सकते हैं। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

गोरक्षपीठ से नजदीकी, अब सपा की ओर बढ़ते कदम

राजनीति में रिश्तों का समीकरण कब बदल जाए, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है। अजय कुमार सिंह टप्पू का परिवार लंबे समय तक गोरक्षपीठ और योगी आदित्यनाथ के करीब माना जाता रहा है। यही वजह है कि इस परिवार का सपा के मंच पर पहुंचना सामान्य राजनीतिक घटनाक्रम नहीं माना जा रहा। कभी गोरक्षपीठ के करीब रहने वाला यह परिवार अब अखिलेश यादव के साथ दिखाई देता है तो इसे योगी आदित्यनाथ के राजनीतिक किले में सपा की एक अहम दस्तक के तौर पर देखा जाएगा।

Tappu Singh Samajwadi Party Joining
सौ चूहे खा के बिल्ली चली हज को... अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर भड़के ओपी राजभर- VIDEO

मानीराम से चुनाव लड़ चुके बिन्नु, टप्पू की भी सियासी दावेदारी

इस परिवार का गोरक्षपीठ से राजनीतिक जुड़ाव भी पुराना है। 1993 के विधानसभा चुनाव में अजय कुमार सिंह टप्पू के बड़े भाई स्वर्गीय विनय कुमार सिंह 'बिन्नु' ने महंत अवेद्यनाथ की परंपरागत मानीराम विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था। वहीं, अजय कुमार सिंह 'टप्पू' ने 2022 के विधानसभा चुनाव में चौरीचौरा से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में किस्मत आजमाई थी। उन्हें करीब 30 हजार वोट मिले थे। ऐसे में क्षेत्र में चर्चा है कि टप्पू सिंह 2027 में सपा के संभावित उम्मीदवार हो सकते हैं।

योगी के गढ़ में अखिलेश की सियासी रणनीति को मिल सकता है बल

अगर टप्पू सिंह औपचारिक रूप से सपा में शामिल होते हैं और पार्टी उन्हें चौरीचौरा से मैदान में उतारती है तो मुकाबला दिलचस्प हो सकता है। उनके पिछले चुनाव के वोट और स्थानीय पहचान सपा के लिए संभावित राजनीतिक पूंजी बन सकते हैं। हालांकि इन वोटों का आगामी चुनाव में कितना प्रभाव पड़ेगा, यह अभी कहना जल्दबाजी होगी। इतना जरूर है कि गोरक्षपीठ के कभी करीबी रहे परिवार का अखिलेश यादव के साथ खड़ा होना गोरखपुर की सियासत में चर्चा का बड़ा विषय बनने जा रहा है। अब निगाहें 18 नवंबर पर हैं, जहां यह साफ हो सकता है कि यह महज पारिवारिक कार्यक्रम है या 2027 के चुनाव से पहले एक नई सियासी पारी की शुरुआत।

Tappu Singh Samajwadi Party Joining
योगी आदित्यनाथ का अखिलेश पर तीखा पलटवार; ‘उत्तराखंड की बेटी नहीं होती तो तुम सैफई में भैंस चरा रहे होते’