कंगना रनौत पर अभद्र टिप्पणी को लेकर मचा बवाल, सपा विधायक आरके वर्मा पर दर्ज हुई FIR

FIR Against RK Verma: प्रतापगढ़ में समाजवादी पार्टी के विधायक आर के वर्मा के खिलाफ भाजपा सांसद कंगना रनौत पर कथित अभद्र टिप्पणी के मामले में आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
FIR registered SP MLA RK Verma over derogatory remarks against Kangana Ranaut.
SP विधायक RK वर्मा - कंगना रनौत (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

FIR Against SP MLA RK Verma:  समाजवादी पार्टी के रानीगंज विधायक और विधानसभा में उपमुख्य सचेतक डॉ. आरके वर्मा के खिलाफ अभिनेत्री एवं भाजपा सांसद कंगना रनौत पर कथित अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष की शिकायत पर विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जनप्रतिनिधि की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास

जानकारी के अनुसार भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि डॉ. आरके वर्मा ने एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान भाजपा सांसद कंगना रनौत के खिलाफ आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणी की। भाजपा नेताओं ने इसे महिलाओं के सम्मान और जनप्रतिनिधियों की गरिमा से जुड़ा विषय बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में कहा गया है कि इस बयान से न केवल एक जनप्रतिनिधि की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया, बल्कि इससे समाज में वैमनस्य और तनाव फैलने की भी आशंका उत्पन्न हुई।

सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत दर्ज हुई FIR

तहरीर के आधार पर पुलिस ने डॉ. आरके वर्मा के खिलाफ जानबूझकर अपमान करने, शांति भंग होने की आशंका उत्पन्न करने तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों, वीडियो फुटेज तथा अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

राजनीतिक मुद्दों को लेकर चर्चा में रहते है आरके वर्मा

डॉ. आरके वर्मा प्रतापगढ़ की रानीगंज विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के विधायक हैं और वर्तमान में विधानसभा में उपमुख्य सचेतक की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। इससे पहले भी वे विभिन्न राजनीतिक मुद्दों को लेकर चर्चा में रहे हैं।

मामले के राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है। भाजपा नेताओं ने सांसद कंगना रनौत पर अभद्र टिप्पणी को महिलाओं के सम्मान और जनप्रतिनिधियों की गरिमा से जुड़ा विषय बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं समाजवादी पार्टी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच की जाएगी।

जांच के दौरान यदि अतिरिक्त साक्ष्य या तथ्य सामने आते हैं तो उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मुकदमा दर्ज होने के बाद जिले की राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और सभी की नजर पुलिस जांच पर टिकी हुई है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com