प्रयागराज में बुजुर्ग पिता की हत्या का खुलासा: दो सगे बेटों ने ही उतारा था मौत के घाट, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Prayagraj Murder Case: प्रयागराज के कर्नलगंज थाना क्षेत्र में बुजुर्ग पिता की हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी मृतक के सगे बेटे हैं।
Elderly father's murder in Prayagraj solved
गिरफ्तार आरोपी (सोर्स- फोटो नवभारत)
Published on
Updated on

Prayagraj Murder Case Solves: प्रयागराज के कर्नलगंज थाना क्षेत्र में बुजुर्ग पिता की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा किया। साथ ही पुलिस ने मृतक के दो सगे बेटों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक जांच में सामने आया कि 13 जून को लल्ला चुंगी चौराहे के पास हुई इस वारदात को किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं बल्कि मृतक के अपने ही बेटों ने अंजाम दिया था।

हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद

बता दें कि कर्नलगंज थाना क्षेत्र में बुजुर्ग की हत्या मामले का खुलासा करने के लिए एसओजी नगर, कर्नलगंज थाना पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम को लगाया गया था। जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने अखिलेश उर्फ शिवा उर्फ शिब्बू और उसके बड़े भाई वीरेन्द्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए गए .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

13 जून को गोली मारकर हुई थी हत्या

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। हालांकि हत्या के पीछे की वजह को लेकर पुलिस अभी विस्तृत जानकारी जुटा रही है। बता दें कि 13 जून को लल्ला चुंगी चौराहे के पास एक बुजुर्ग व्यक्ति को गोली मार दी गई थी। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की उपचार के दौरान ही मौत हो गई थी।

घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी और पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। संयुक्त पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की छानबीन अभी की जा रही है। जिससे यह पता चल सके कि बुजुर्ग पिता की हत्या क्यों की गई थी। पिता की हत्या के आरोप में दो सगे बेटों की गिरफ्तारी से क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com