अखिलेश यादव, अदिति यादव (फोटो- सोशल मीडिया)
लखनऊः सपा सुप्रीमों अखिलेश यादव की बड़ी बेटी अदिति यादव के फेक फेसबुक अकाउंट बनाया गया है। इस अकाउंट से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की आपत्तिजनक तस्वीर पोस्ट की गई है। इसके साथ पोस्ट के कैप्शन में लिखा है। पिक्टर ऑफ द डे। बेटी के नाम का फर्जी अकाउंट और आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर अखिलेश यादव ने कड़ी आपत्ति जताई है।
सपा सुप्रीमो ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि यह हमारे परिवार को बदनाम करने की साजिश हो सकती है। साइबर सिक्योरिटी सेल इसे 24 मिनट में ट्रेस कर सकती है, लेकिन 24 घंटे बाद भी यह पोस्ट सभी को दिखाई दे रही है। इसे ट्रेस क्यों नहीं किया गया?
‘इसे हमारी FIR से कम न समझा जाए’
अखिलेश यादव ने गुस्सा जाहिर करते हुए सोशल मीडिया एक्स पर अदिति यादव नामक फर्जी अकाउंट से किए पोस्ट का स्क्रीन शॉट शेयर किया। उन्होंने पोस्ट में लिखा कि “24 घंटे पूरे हुए। इसे(पोस्ट को) हमारी FIR से कम न समझा जाए’। इसके आगे उन्होंने लिखा कि “इसी बीच हमारी नज़र में ऐसी कई पोस्ट आईं हैं जो बेहद आपत्तिजनक हैं। यहां तक कि हमारे परिवार और पार्टी के नेताओं और हमसे जुड़े हुए लोगों के मिलते-जुलते नाम और तस्वीरों का दुरुपयोग करके कुछ असामाजिक तत्व बेहद निंदनीय सोशल मीडिया पोस्ट और सामग्री प्रकाशित कर रहे हैं।
“ऐसी तस्वीरों, विचारों से हमारा कोई भी लेना-देना नहीं है। ये सब एक साज़िश के तहत किया जा रहा है, जिसके पीछे या तो कुछ शातिर लोगों का राजनीतिक या आर्थिक मंसूबा है या फिर उन लोगों की अनभिज्ञता है जो नहीं जानते हैं कि उनका इस्तेमाल कोई अपना मतलब निकालने के लिए कर रहा है। अगर भाजपा सरकार की साइबर सिक्योरिटी सेल चाहे तो ऐसे लोगों को 24 घंटे क्या, 24 मिनट में भी पकड़ सकती है, उसे तो बस ऊपर के आदेश का इंतज़ार है।”
अखिलेश यादव की सोशल मीडिया पोस्ट
24 घंटे पूरे हुए।
इसे हमारी FIR से कम न समझा जाए।
इसी बीच हमारी नज़र में ऐसी कई पोस्ट आईं हैं जो बेहद आपत्तिजनक हैं। यहाँ तक कि हमारे परिवार और पार्टी के नेताओं और हमसे जुड़े हुए लोगों के मिलते-जुलते नाम और तस्वीरों का दुरुपयोग करके कुछ असामाजिक तत्व बेहद निंदनीय सोशल मीडिया… pic.twitter.com/WPyoZ5kNJq
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) May 13, 2025
आदित्य यादव का सोशल मीडिया अकाउंट हुआ हैक
इससे चार दिन पहले साइबर हैकरों ने शिवपाल यादव के बेटे आदित्य यादव का सोशल मीडिया अकाउंट हैक कर लिया था। सपा सांसद आदित्य के अकाउंट से भ्रामक वीडियो शेयर किए गए थे। आदित्य ने इसकी सूचना साइबर सेल को दे दी है।