प्रियंका गांधी के जन्मदिन पर कांग्रेस करेगी बड़ा ऐलान! मिशन-27 से जुड़ा है मामला

UP Assembly Elections 2027: कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव के तौर पर प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश की प्रभारी रह चुकी हैं। प्रदेश की राजनीति में उनकी भूमिका हमेशा अहम मानी गई है। प्रियंका विदेश में हैं।
Congress to make major announcement on Priyanka Gandhi birthday... The matter is related to Mission 27
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी। इमेज-सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Priyanka Gandhi News: साल 2027 में उत्तर प्रदेश में विधानसभा के चुनाव होने हैं। कांग्रेस ने इसकी तैयारी अभी से शुरू कर दी है। 12 जनवरी को प्रियंका गांधी वाड्रा का जन्मदिन है। इस दिन कांग्रेस उत्तर प्रदेश में अगले 100 दिनों की अपनी रणनीति का ऐलान कर सकती है। इसके लिए प्रदेश के सभी मंडल मुख्यालयों में कांग्रेस प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करेगी।

उत्तर प्रदेश के कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांड ने कहा है कि प्रियंका गांधी वाड्रा के जन्मदिन के अवसर पर अगले 100 दिनों की कार्ययोजना की जानकारी दी जाएगी। इसके लिए अयोध्या, झांसी, बरेली, चित्रकूट, गोरखपुर, अलीगढ़, आजमगढ़, आगरा, मेरठ, सहारनपुर, प्रयागराज, बस्ती, कानपुर, मिर्जापुर, गोंडा, मुरादाबाद, लखनऊ, वाराणसी, गाजियाबाद, मथुरा में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी। इसकी तैयारियां भी पूरी हो चुकी हैं।

प्रियंका जा चुकी हैं विदेश

वैसे, सूत्रों का दावा है कि प्रियंका गांधी अपने जन्मदिन से पहले विदेश यात्रा पर रवाना हो चुकी हैं। इस कार्यक्रम में उनकी मौजूदगी नहीं होगी। इसके बाद भी पार्टी स्तर पर उनके नाम और राजनीतिक छवि के इर्द-गिर्द पूरी कवायद को आकार दिया जा रहा है। इससे सियासी गलियारों में चर्चा तेज हो गई है कि क्या कांग्रेस उन्हें उत्तर प्रदेश में फिर केंद्रीय चेहरे के तौर पर प्रोजेक्ट करने की दिशा में सोच रही है। हालांकि, पिछले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में प्रियंका के नेतृत्व का असर नहीं दिखा था। पार्टी बेहद खराब प्रदर्शन कर सिर्फ 2 सीटें जीत सकी थी।

असम विधानसभा चुनाव के लिए स्क्रीनिंग कमिटी की अध्यक्ष बनीं

बता दें, प्रियंका गांधी कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव के तौर पर उत्तर प्रदेश की प्रभारी रह चुकी हैं। इस प्रदेश की राजनीति में उनकी भूमिका हमेशा अहम मानी गई है। 2 साल से संगठन में उनके पास औपचारिक जिम्मेदारी नहीं थी, लेकिन हाल में वायनाड से सांसद बनने के बाद उन्हें असम विधानसभा चुनाव के लिए गठित स्क्रीनिंग कमिटी का अध्यक्ष भी बनाया गया है। इस नई जिम्मेदारी के साथ ही प्रियंका की संगठनात्मक सक्रियता फिर से बढ़ती दिख रही है। ऐसे में उनके जन्मदिन पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस की ओर से 100 दिनों का एजेंडा पेश करना महज एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि पार्टी के अंदर चल रही बड़ी राजनीतिक रणनीति का संकेत माना जा रहा है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com