लखीमपुर खीरी में बोले सीएम योगी, कहा-भ्रष्टाचारियों का इंतजार कर रही है जेल
- Written By: प्रभाकर दुबे
लखीमपुर खीरी/लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Chief Minister Yogi Adityanath) सोमवार को लखीमपुर खीरी (Lakhimpur Kheri) पहुंचे। यहां उन्होंने गोला गोकर्णनाथ विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए प्रचार की कमान संभालते हुए जनसभा को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने दिवंगत पूर्व विधायक अरविंद गिरी के पुत्र अमन गिरी को जिताने की जनता से अपील की। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार हर हाल में गन्ना किसानों की पाई पाई का भुगतान करा के रहेगी। इसमें कोताही या भष्ट्राचार करने वालों का इंतजार जेल की चाहरदीवारियां कर रही हैं।
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी (सपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा चुनाव से पहले ही हार के डर से बौखला गयी है। सपा नेता हार के लिए अलग-अलग बहाने ढूंढ रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्षी नेता सोशल मीडिया पर अभी से हार की भाषा बोल रहे हैं। वे पहले ईवीएम को दोषी ठहराते थे, अब कह रहे हैं कि यहां जबरदस्ती चुनाव जीता जा रहा है। मगर चुनाव जबरदस्ती नहीं, बल्कि मतदाताओं के आशीर्वाद से जीता जाता है। जो मतदाताओं के उम्मीदों पर खरा उतरेगा वो जीतेगा।
बिना भेदभाव हो रहा विकास
उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में आज बिना किसी भेदभाव के चहुंमुखी विकास हो रहा है। आज यहां मेडिकल कॉलेज बन रहा है। इसके बाद उपचार के लिए जनता को लखनऊ या दिल्ली नहीं जाना होगा। उन्हें यहीं पर स्वास्थ्य की उत्तम व्यवस्था मिलेगी। इसके अलावा मेडिकल की पढ़ाई की शुरुआत होगी। डबल इंजन की सरकार में आज लखीमपुर जिले में गरीबों को आवास, शौचालय, पटरी व्यवसायियों को पीएम स्वनिधि योजना का लाभ मिल रहा है। इसके अलावा गांवों और मजरों का विद्युतीकरण किया जा रहा है और गरीबों को मुफ्त में बिजली का कनेक्शन दिया जा रहा है।
सम्बंधित ख़बरें
मियांपुर नहीं अब कहिए रविंद्र नगर, CM योगी ने बदला एक और गांव का नाम; बताई ये वजह
खाद के लिए लगाई लाइन…लेकिन मिली पुलिस की लाठियां, लखीमपुर से आया बर्बर VIDEO
लखीमपुर में तेंदुआ और मजदूर की भिंड़त, सामने आया मल्ल युद्ध का LIVE वीडियो
400 गांव…ढाई लाख आबादी होगी सुरक्षित, लखीमपुर को बाढ़ से बचाने के लिए योगी सरकार ने कर दिया इंतजाम, देखें तस्वीरें
कोरोना काल में सेवा में जुटी रही बीजेपी
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना के दौरान अपने देखा होगा कि डबल इंजन सरकार और भाजपा के नेता व कार्यकर्ता जनता की सेवा में कैसे जुटे हुए थे। सरकार की ओर से बिना किसी भेदभाव के फ्री इलाज, फ्री वैक्सीन और फ्री राशन की व्यवस्था करायी गयी। अगर सपा की सरकार रहती तो कोई भी अपने घरों से नहीं निकलता। केंद्र सरकार से राशन आता तो ये लोग उसे पूरा डकार जाते। उन्होंने कहा कि पहले यहां का किसान आत्महत्या करने का विवश था। आज डबल इंजन सरकार ने पीएम किसान सम्मान निधि योजना का लाभ क्षेत्र के 5 लाख से ज्यादा किसानों को दिया है। लखीमपुर में 5 लाख गरीबों को फ्री में रसोई गैस और बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के अंतर्गत लगभग 40 हजार बेटियों को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के माध्यम से लाभ दिया जा रहा है। इसके अलावा सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत यहां 51 सौ बेटियों की शादी कराई गई हैं। साथ ही निराश्रित महिलाओं और दिव्यांगजनों को पेंशन देने की व्यवस्था भी डबल इंजन की सरकार में ही पूरी हुई है।
बाबा गोकर्णनाथ जी की पावन धरा पर उमड़ा अथाह राष्ट्रवादी जन-सैलाब यहां उपचुनाव में भाजपा की प्रचंड विजय का सिंहनाद है। डबल इंजन की भाजपा सरकार के प्रति गोला वासियों का यह अटूट विश्वास उद्घोष कर रहा है कि यहां हर बूथ पर खिलेगा कमल का फूल… हार्दिक धन्यवाद मेरे गोला वासियों… pic.twitter.com/LAOuEddhhb — Yogi Adityanath (मोदी का परिवार) (@myogiadityanath) October 31, 2022
गोला गोकर्णनाथ मंदिर को काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के रूप में डेवलप किया जाएगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय अरविंद गिरी ने योग्य जन प्रतिनिधि के रूप में इंटर कालेज, आईटीआई और चिकित्सालय का निर्माण कराया। उनकी इच्छा थी कि गोला गोकर्णनाथ मंदिर को काशी विश्वनाथ धाम की तरह में विकसित किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि छोटी काशी के नाम से प्रसिद्ध इस स्थान को वास्तविक काशी में बदलने के लिए हर प्रयास किए जाएंगे। आस्था का सम्मान होगा, जिससे युवाओं के लिए रोजगार का सृजन होगा। हम यहाँ के पटरी व्यवसाइयों का पुनर्वास करेंगे, किसी को भी उजाड़ा नहीं जाएगा। इस स्थान के सुंदरीकरण और मार्ग के चौड़ीकरण का आदेश पहले ही दिया जा चुका है।
चुनाव जबरदस्ती नहीं जीता जाता, मतदाताओं के आशीर्वाद से जीता जाता है… pic.twitter.com/EFoXv1FTG7 — Yogi Adityanath (मोदी का परिवार) (@myogiadityanath) October 31, 2022
स्वर्गीय अरविंद गिरी की अधूरी इच्छाओं को पूरा कराने के लिए सरकार कृत संकल्पित
माफिया के खिलाफ गरजते हुए उन्होंने कहा की जो माफिया कभी उत्तर प्रदेश में पूरब से पश्चिम तक सीना तानकर चलते थे आज भीगी बिल्ली बनकर और दुम दबाकर घूम रहे हैं। मुख्यमंत्री ने जनसभा के शुरुआत में बाबा गोकर्णनाथ की धरती को प्रणाम करते हुए पूर्व विधायक स्वर्गीय अरविंद गिरी को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि दिवंगत विधायक स्वर्गीय अरविंद गिरी की अधूरी इच्छाओं को पूरा कराने के लिए सरकार कृत संकल्पित है।
