कानपुर एयरपोर्ट में अफरातफरी! मुंबई फ्लाइट के दरवाजे नहीं खुले, 30 मिनट फंसे रहे डरे यात्री

शनिवार को कानपुर के चकेरी एयरपोर्ट पर मुंबई से आए विमान में तकनीकी खराबी के कारण दरवाजे नहीं खुले, जिससे यात्री आधा घंटे तक विमान में फंसे रहे। हालांकि, इंडिगो ने ऐसी किसी समस्या से इंकार किया है।
kanpur airport
कानपुर एयरपोर्ट, फोटो- सोशल मीडिया
Published on
Updated on

Kanpur Airport News:  कानपुर के चकेरी एयरपोर्ट पर शनिवार, 25 अक्टूबर 2025 को मुंबई से आई एक फ्लाइट में तकनीकी दिक्कत के कारण अफरातफरी मच गई। विमान रनवे पर उतरने के बाद यात्री करीब 30 मिनट तक डरे-सहमे अंदर ही फंसे रहे।

कानपुर के चकेरी एयरपोर्ट पर शनिवार, 25 अक्टूबर 2025 को मुंबई से आने वाली उड़ान में तकनीकी दिक्कत सामने आने से यात्रियों के बीच अफरातफरी मच गई। यह उड़ान मुंबई से 2:18 बजे चली थी और 3:58 बजे कानपुर पहुंची, जबकि इसका निर्धारित समय 3:20 बजे का है।

तकनीकी खराबी के चलते नहीं खुले विमान के दरवाजे

घटना उस समय शुरू हुई जब विमान रनवे पर उतरने जा रहा था, लेकिन पायलट ने अचानक इसे फिर से ऊपर की ओर ले लिया। इसके बाद यात्रियों को घोषणा करके बताया गया कि वे घबराएं नहीं, रनवे पर किसी दिक्कत के कारण फ्लाइट उतारने में थोड़ा समय लिया जा रहा है। थोड़ी देर बाद विमान को रनवे पर उतार दिया गया। विमान के रुकने के बाद, बताया जा रहा है कि तकनीकी खराबी के चलते विमान के दरवाजे नहीं खुल रहे थे।

करीब आधा घंटा बाद बाहर आए यात्री

यात्रियों से इंतजार करने को कहा गया। इस दौरान करीब आधा घंटा (30 मिनट) तक यात्री विमान के अंदर डरे-सहमे फंसे रहे। सूचना मिलने पर तकनीकी स्टाफ मौके पर पहुंचा और समस्या को ठीक किया, जिसके बाद विमान के दोनों गेट खोलकर यात्रियों को उतारा गया। इसके बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।

इंडिगो ने किया तकनीकी खराबी से इनकार

हालांकि, विमान कंपनी इंडिगो ने विमान में किसी तरह की तकनीकी दिक्कत आने के दावे को सिरे से खारिज कर दिया। इंडिगो स्टेशन मैनेजर पंकज पांडेय ने बताया कि विमान में कोई खराबी नहीं थी। उनके अनुसार, दरवाजा खोलने में देरी इंजन कूल डाउन होने में समय लगने के कारण हुई, और यह कभी-कभी हो जाता है। मैनेजर ने यह भी स्पष्ट किया कि देरी आधा घंटा नहीं, बल्कि करीब 20 मिनट की थी।

इस देरी और इंजन कूल डाउन होने में लगे अतिरिक्त समय के कारण, कानपुर से मुंबई के लिए वापस जाने वाली उड़ान भी प्रभावित हुई। निर्धारित समय 3:55 बजे के बजाय, इस विमान ने मुंबई के लिए शाम 5:30 बजे उड़ान भरी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com