अलीगढ़ में मंदिर की दीवारों पर लिखा दिया I Love Muhammad, 8 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

Aligarh के भगवानपुर और बुलाकीगढ़ गांवों में सामने आया है, जहां पांच मंदिरों की दीवारों पर 'I Love Muhammad' लिखे जाने की घटना सामने आई। इससे गांव का माहौल गर्म हो गया।
aligarh news
अलीगढ़ में मंदिर की दीवारों पर लिखा दिया I Love Muhammad, फोटो- सोशल मीडिया
Updated on

Aligarh News: घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और फोरेंसिक एक्सपर्ट्स को भी बुलाया गया। पुलिस द्वारा मंदिर की दीवारों पर हुई लिखावट के सैंपल लेकर लैब में जांच कराई जाएगी। इसके साथ ही, नारे लिखने वाले लोगों की पहचान के लिए आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) नीरज कुमार ने बताया कि पुलिस ने जांच के बाद आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एफआईआर में मुस्तकीम, गुल मोहम्मद, सुलेमान, सोनू, अल्लाहबख्श, हमीद और यूसुफ समेत आठ लोग नामजद हैं। इन सभी पर धार्मिक भावनाएं भड़काने और सार्वजनिक शांति भंग करने की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और पुलिस घटना को गंभीरता से ले रही है।

करणी सेना ने लगाए गंभीर आरोप

इस मामले में तब नया मोड़ आया जब करणी सेना के अखिल भारतीय उपाध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह चौहान ने शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने स्थानीय पुलिस पर शुरुआती कार्रवाई में लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया। चौहान ने दावा किया कि पुलिस ने असली आरोपियों को पकड़ने के बजाय शिकायत करने वाले ग्रामीण को ही हिरासत में ले लिया। चौहान ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ पुलिसकर्मियों ने माहौल शांत करने के लिए मंदिर की दीवारों से नारे मिटाने की कोशिश की थी। उन्होंने कहा कि मंदिरों की दीवारों पर ऐसी बातें लिखना आस्था पर सीधा हमला है, और अगर पुलिस समय रहते सही कार्रवाई करती तो माहौल इतना नहीं बिगड़ता।

जमीन विवाद और कानपुर कनेक्शन

अलीगढ़ पुलिस को आशंका है कि कुछ तत्व जानबूझकर इस तरह के नारे लिखकर सांप्रदायिक तनाव फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। एसएसपी ने साफ किया है कि किसी भी समुदाय के व्यक्ति को धार्मिक भावना से खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। पुलिस इस मामले से जुड़े जमीन विवाद की भी जांच कर रही है, क्योंकि प्राथमिक जांच में संकेत मिले हैं कि कुछ लोगों के बीच भूमि को लेकर पुराना झगड़ा है।

यह घटना प्रदेश में कुछ महीने पहले हुए कानपुर विवाद की याद दिलाती है, जहां 4 सितंबर को ईद-ए-मिलाद-उन-नबी के जुलूस के दौरान ऐसे ही धार्मिक नारे लिखे बोर्ड लगाए गए थे, जिसके बाद 24 लोगों पर केस दर्ज हुआ था। पुलिस की मानें तो स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है, लेकिन एहतियातन दोनों गांवों में पुलिस बल की अतिरिक्त टुकड़ियां तैनात की गई हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com