मथुरा में दर्दनाक हादसा: दीवार से टकराकर नाले में कूदी तेज रफ्तार कार, 3 भाइयों समेत 4 युवकों की मौत
Mathura Road Accident: मथुरा के मगोर्रा क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर गहरे नाले में गिर गई। इस हादसे में कार सवार चारों युवकों की डूबने से मौत हो गई, जिनमें से तीन सगे भाई थे।
- Written By: प्रतीक पाण्डेय
मथुरा में दर्दनाक हादसे का शिकार हुई कार, फोटो- सोशल मीडिया
Mathura Car Crash: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में बुधवार रात एक खौफनाक हादसा सामने आया है। मगोर्रा थाना क्षेत्र के नगला देविया मोड़ पर एक तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर करीब 6 मीटर गहरे नाले में जा गिरी। हादसे के वक्त कार में चार युवक सवार थे, जो खुशी-खुशी एक सगाई समारोह में शामिल होने जा रहे थे, लेकिन रास्ते में बिछी मौत ने उनकी जान ले ली।
सगाई की खुशियां मातम में बदलीं जानकारी के अनुसार, महावन थाना क्षेत्र के प्रेम नगर निवासी राहुल (23), अमित (22), मोहित (22) और उनका एक दोस्त बुधवार रात करीब 8:30 बजे कार से डीग की ओर जा रहे थे। ये सभी युवक किसी सगाई समारोह में शामिल होने के लिए निकले थे। जैसे ही उनकी कार मगोर्रा थाना क्षेत्र के नगला देविया मोड़ पर पहुंची, तेज रफ्तार होने के कारण चालक ने नियंत्रण खो दिया।
खतरनाक मोड़ और सीमेंट की टंकी बनी काल
हादसा इतना भीषण था कि कार पहले सड़क किनारे बनी एक सीमेंट की पानी की टंकी से टकराई और फिर सीधे गोवर्धन ड्रेन (नहरनुमा नाले) में पलट गई। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, घटनास्थल पर एक तीखा मोड़ है और वहां रात के अंधेरे में कोई वार्निंग साइनबोर्ड नहीं होने के कारण चालक को सामने मौजूद नाले का अंदाजा नहीं हो सका।
सम्बंधित ख़बरें
वर्धा में तेजी से बढ़ रहे हैं सड़क हादसे, जानें ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से क्या आग्रह किया?
नागपुर के बेसा में दौड़ती कार में लगी भीषण आग, सड़क पर मची अफरा-तफरी; बड़ा हादसा टला
यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की बढ़ीं मुश्किलें, PM मोदी पर अमर्यादित टिप्पणी मामले में FIR दर्ज
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर बड़ा हादसा! सड़क किनारे पलटी श्रद्धालुओं से भरी बस, मची चीख-पुकार, 6 गंभीर घायल
चिल्लाने की आवाज सुन इकट्ठा हुए लोग
चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और कुछ लोगों ने गहरे पानी में छलांग लगाकर युवकों को बचाने की कोशिश की। हालांकि, ड्रेन में पानी का बहाव तेज और गहराई अधिक होने के कारण पूरी कार पानी में समा गई थी। ग्रामीणों ने करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद चारों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी। सूचना मिलने पर मथुरा पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और क्रेन व ट्रैक्टर की मदद से कार को नाले से बाहर निकाला गया।
यह भी पढ़ें: शिवनेरी किले में शिव जयंती पर मची भगदड़; संकरे रास्तों पर फंसी भीड़, कई महिलाएं और बच्चे घायल
एक ही परिवार के तीन चिराग बुझे
हादसे के बाद इलाके में कोहराम मच गया है। गोवर्धन थाने के एसआई हरेंद्र मलिक ने बताया कि मृतकों में शामिल राहुल, अमित और मोहित एक ही परिवार के सदस्य थे और आपस में भाई लगते थे। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि कार करीब 10 फीट गहरे पानी में डूब गई थी, जिससे यह दुखद परिणाम सामने आया।
