सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने नए मोर्चें का स्वागत करते हुए खड़े किए सवाल?
ओवैसी ने पलटवार करते हुए सपा प्रमुख पर लगाए बीजेपी से करीबी का आरोप
मायावती भी चंद्रशेखर, सपा और कांग्रेस पर लगा चुकी हैं भाजपा की बी-टीम होने का आरोप
UP Politics BJP B Team Controversy: यूपी की राजनीति में इन दिनों एक नया जुमला खूब उछल रहा है और वह जुमला है बीजेपी की बी टीम। भाजपा गठबंधन से बाहर का हर राजनीतिक दल एक दूसरे के लिए यह जुमला उछाल रहा है। जनता भ्रमित है कि यह बी टीम वाला मामला है क्या?
बीजेपी की असली बी टीम आखिर है कौन। भाजपा गठबंधन के अलावा बाकी सब राजनीतिक दल खुद को सत्ता का दावेदार और दूसरे को बीजेपी की बी टीम घोषित करने में जुटे हैं। खूब बयानबाजी हो रही है और नेता लोग जी भर के एक दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं।
वैसे तो प्रदेश की राजनीति में यह पुराना सिलसिला है लेकिन इधर चंद्रशेखर और ए आई एम आई एम के बीच संयुक्त मोर्चा बन जाने के बाद बी टीम वाला मामला कुछ ज्यादा ही सुर्खियों में आ गया है।
दरसल लखनऊ में इस नए सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की घोषणा होते ही अखिलेश यादव ने अपनी पहली प्रतिक्रिया में नए गठबंधन का स्वागत किया था। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर दावा किया कि इस नए विकल्प के बनने से भारतीय जनता पार्टी को 2 से 3 प्रतिशत वोटों का नुकसान होगा।
अखिलेश ने 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' का स्वागत करते हुए कहा कि समाज के स्तर पर बदलाव जरूरी है। लेकिन वास्तविक सफलता तभी मिलेगी जब 'राजनीतिक परिवर्तन मोर्चा' सक्रिय होगा।
एक अन्य बयान में अखिलेश यादव ने नसीहत भरे अंदाज में कहा कि ऐसे मोर्चों से लोकतंत्र मजबूत होता है, बशर्ते उनके पीछे समाज की भलाई की मंशा हो और किसी तीसरे का काला मंसूबा न हो। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई सियासत की कठपुतली बनकर रह जाता है, तो जनता चुनाव में उसकी जमानत भी जब्त करवा देती है।
इस प्रतिक्रिया में किसी तीसरे का 'काला मंसूबा' होने की बात कहकर उन्होंने परोक्ष रूप से ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन पर किसी और के इशारे से सक्रिय होने की और इशारा कर दिया। फिर यहीं से बात बिगड़ गई।
इसकी प्रतिक्रिया में ओवैसी ने मेरठ के नौचंदी मैदान में अपनी सभा में अखिलेश यादव को सीधे निशाने पर ले लिया और अखिलेश पर तीर साधते हुए कहा, "हमारी डोर तो ऊपर वाले के हाथ में है रही बात आपकी डोर की, तो अखिलेश जी, आपकी डोर बीजेपी के हाथों में है।"
ओवैसी यहीं पर नहीं रुके। उन्होंने पतंग की डोर का उदाहरण देते हुए दावा किया कि भाजपा ही तय करती है कि अखिलेश राजनीति में कितनी ऊंचाई तक उड़ेंगे। उन्होंने कहा अखिलेश ने राज्यसभा चुनाव में अपने चाचा के अलावा जिस दूसरे व्यक्ति को राज्यसभा भेजा उसके उद्योगपति पिता बीजेपी से राज्यसभा में पहुंचे थे।
इस उदाहरण के बाद समाजवादी पार्टी के बीजेपी की बी टीम होने के लिए किसी दूसरे प्रमाण की कोई जरूरत ही नहीं रह गई है। ओवैसी ने 'बी-टीम' के आरोपों को एक मजाक और पाखंड करार दिया। ओवैसी ने कहा कि जब इंडी गठबंधन के दल ही पंजाब और अन्य राज्यों में एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ते हैं और एक-दूसरे को 'बी-टीम' कहते हैं, तो हम पर यह आरोप लगाना दोहरा मापदंड है।
हमारी पार्टी को चुनाव लड़ने और अपना स्वतंत्र नेतृत्व खड़ा करने का पूरा अधिकार है। मेरठ की जनसभा में ओवैसी ने खुद को बीजेपी की बी टीम कहे जाने का ही जवाब नहीं दिया बल्कि सपा और अखिलेश यादव पर भी जबरदस्त राजनीतिक हमला किया।
ओवैसी ने आरोप लगाया कि सपा ने मुसलमानों को केवल वोट डालने और चुपचाप बैठने के लिए इस्तेमाल किया है, लेकिन उन्हें राजनीतिक नेतृत्व या उचित भागीदारी नहीं दी। उन्होंने अखिलेश के अयोध्या राममंदिर दर्शन कार्यक्रम पर भी आपत्ति जताई।
उन्होंने 2013 के मुजफ्फरनगर दंगों का जिक्र करते हुए कहा कि 47 मुस्लिम विधायक होने के बावजूद तत्कालीन सपा सरकार ने दंगों के दौरान पीड़ितों को बचाने के लिए कुछ नहीं किया। ओवैसी रैली में आये लोगों को यह बताना भी नहीं भूले कि सपा के सबसे बड़े नेता मुलायम सिंह यादव ने तो संसद में नरेंद्र मोदी को फिर से जीत कर आने का आशीर्वाद दिया था।
ओवैसी ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी मुसलमानों को सिर्फ वोट बैंक के तौर पर इस्तेमाल करती है और जब मुस्लिम नेतृत्व अपना स्वतंत्र राजनीतिक विकल्प खड़ा करने की कोशिश करता है, तो उसे भाजपा की 'बी-टीम' बताकर बदनाम किया जाता है।
ओवैसी की इस आक्रामक टिप्पणी के बाद समाजवादी पार्टी सोशल मीडिया के जरिए बचाव के मुद्रा में आ गई और अब वह यह कह रही है कि इस नए मोर्चे के सक्रिय होने से समाजवादी पार्टी का पीडीए वोट बैंक बंटने के आशंका है क्योंकि विपक्ष के वोट बंटने का सीधा चुनावी लाभ भाजपा को मिल सकता है।
राजनीति के जानकारों का मानना है कि ओवैसी चंद्रशेखर का मोर्चा भले ही ज्यादा सीटें हासिल न कर पाए लेकिन यह प्रदेश की कई विधान सभा सीटों में दूसरों का खेल खराब कर सकता है। समाजवादी पार्टी को भी इसी वजह से चिंता है।
वैसे कुछ समय पहले तक मायावती की बसपा को बीजेपी की बी टीम कहा जाता था, न सिर्फ यूपी बल्कि राष्ट्रीय राजनीति के भी संदर्भ में सपा और कांग्रेस के नेताओं का बीएसपी पर आरोप है कि 2024 के लोकसभा चुनाव और कई विधानसभा चुनावों में मायावती ने विपक्षी गठबंधन में शामिल होने के बजाय अकेले चुनाव लड़ने का फैसला किया।
विपक्ष का मानना है कि इससे भाजपा विरोधी दलित और अल्पसंख्यक वोटों का बंटवारा हुआ और इसका सीधा चुनावी लाभ भाजपा को मिला। विरोधी दलों के नेता यह दावा भी करते हैं कि मायावती और उनके परिवार के सदस्यों पर चल रहे आयकर या सीबीआई के मामलों की वजह से वह भाजपा सरकार के खिलाफ खुलकर मुखर नहीं होती हैं।
हालांकि मायावती इन आरोपों को सिरे से खारिज करती रही हैं। बसपा का तर्क है कि सपा और कांग्रेस के साथ गठबंधन करने से बसपा का वोट तो इन दलों को ट्रांसफर हो जाता है, लेकिन इन दलों का वोट बसपा को नहीं मिलता, जिससे पार्टी कमजोर होती है। मायावती ने उल्टे पलटवार करते हुए सवाल पूछा है कि यदि बसपा भाजपा की बी टीम होती तो 2019 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने और विभिन्न राज्यों में कांग्रेस ने बसपा के साथ गठबंधन क्यों किया था ?
लेकिन मामला यहीं खत्म नहीं होता। बसपा भी दूसरों को बीजेपी की बी टीम कहने से नहीं चूकती। बीएसपी प्रमुख मायावती समय समय पर अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों चंद्रशेखर, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर बीजेपी की बी टीम होने का आरोप लगाती रही हैं।
विभिन्न राजनीतिक अवसरों पर मायावती ने इन दलों बीजेपी की बी टीम कहा है। इसी वर्ष सितंबर में मायावती ने आजाद समाज पार्टी प्रमुख चंद्रशेखर पर सीधा राजनीतिक हमला किया था। उन्होंने चंद्रशेखर को भाजपा का एजेंट और बीजेपी की बी टीम बताया। मायावती ने आरोप लगाया कि दलित वोटों को बांटने और बसपा को कमजोर करने के लिए भाजपा के इशारे पर चंद्रशेखर को आगे बढ़ाया गया है।
मायावती ने सपा पर भी बीजेपी के साथ मिलीभगत का आरोप लगाया है। मायावती का कहना है कि सपा की नीतियां और कार्यशैली ऐसी रही हैं जिनसे भाजपा को ही राजनीतिक मजबूती मिलती है। बसपा यूपी की राजनीति में अक्सर कांग्रेस पर भी दोहरे मापदंड अपनाने और भाजपा विरोधी वोटों को कमजोर करने का आरोप लगाती रही है।
कुल मिलाकर यूपी की राजनीति में इस समय होड इस बात की है कि कौन बीजेपी की असली बी टीम है। इस होड़ ने सबसे ज्यादा परेशानी समाजवादी पार्टी की बढ़ाई है। मायावती भी परेशान हैं मगर सबसे ज्यादा गदगद बीजेपी है। क्योंकि उसे लग रहा है कि चुनाव नतीजे चाहे जो भी हों यूपी की राजनीति में ए टीम तो फिलहाल वही है।